Census-2027 : राजस्थान में ऑनलाइन जनगणना-2027 में जयपुर-सीकर टॉप, साथ ही आया नया अलर्ट

Census-2027 : राजस्थान में ऑनलाइन जनगणना-2027 में जयपुर-सीकर टॉप, साथ ही आया नया अलर्ट

Census-2027 : राजस्थान में अब तक 10 फीसदी से भी कम 13 लाख 37 हजार 954 परिवारों ने ही जनगणना-2027 के पहले चरण मकान सूचीकरण के अंतर्गत स्वगणना के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन जानकारी दी है, जिनमें से 12 लाख 62 हजार 145 परिवारों ने प्रक्रिया पूरी कर ली है और शेष अभी प्रक्रियाधीन हैं। ऑनलाइन जनगणना में जयपुर,सीकर जिले सबसे आगे हैं, जबकि जैसलमेर सबसे पीछे है।

जनगणना के अंतर्गत पहली बार आमजन को स्वगणना का विकल्प दिया है, जिसके लिए शुक्रवार को आखिरी तारीख है और उसके बाद पोर्टल पर लिंक बंद हो जाएगा। गुरुवार तक की स्थिति के अनुसार स्वगणना में जयपुर जिला पहले और सीकर दूसरे स्थान पर है। जयपुर जिले में 2.75 लाख परिवारों ने स्वगणना की प्रक्रिया शुरू की, जिनमें से 2.64 लाख से अधिक प्रक्रिया पूरी भी कर चुके हैं।

इसी तरह सीकर में 1.41 लाख से अधिक परिवारों ने स्वगणना की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। तीसरे स्थान पर चूरू जिला है जहां 60 हजार 795 परिवारों ने खुद जनगणना पूरी की है। शुक्रवार रात 12 बजे तक जो भी परिवार जनगणना की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे, उन सहित सभी परिवारों के यहां शनिवार से प्रगणक पहुंचना शुरू हो जाएंगे और वे 14 जून तक जनगणना के लिए जानकारियां लेंगे। स्वगणना करने वाले परिवारों के यहां प्रगणक केवल सत्यापन करने ही जाएगा।

संभाग मुख्यालयों वाले 5 जिले पिछड़े

संभाग मुख्यालयों वाले 5 जिले ऑनलाइन जनगणना में पीछे हैं। जयपुर और जोधपुर जिलों को छोड़ संभाग मुख्यालय वाला कोई भी जिला स्वगणना में 25 हजार का आंकड़ा पार नहीं कर पाया है।

जोधपुर जिले में 54660 परिवारों ने खुद जनगणना की है, वहीं उदयपुर जिले में 23848, कोटा जिले में 23419, अजमेर जिले में 19477, बीकानेर जिले में 19040 और भरतपुर जिले में 14964 परिवारों ने खुद जनगणना की है।

यहां दे सकते हैं स्वगणना के लिए जानकारी

सभी अलर्ट रहें जनगणना के अंतर्गत पहली बार आमजन को स्वगणना का विकल्प दिया गया है, जिसके लिए आज शुक्रवार 15 मई को आखिरी तारीख है और उसके बाद पोर्टल पर लिंक बंद हो जाएगा।

कोई भी https://se.census.gov.in/ पर ऑनलाइन जनगणना की प्रक्रिया में शामिल हो सकता है। एक मोबाइल से एक ही परिवार की जनगणना का विकल्प दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *