RTO Server Down: राजस्थान परिवहन विभाग का 10 दिन से सर्वर डाउन, आमजन की बढ़ी परेशानी

RTO Server Down: राजस्थान परिवहन विभाग का 10 दिन से सर्वर डाउन, आमजन की बढ़ी परेशानी

कोटा। परिवहन विभाग का वाहन सॉफ्टवेयर पिछले करीब 10 दिनों से रुक-रुक कर चलने से वाहन मालिकों और वाहन डीलरों की परेशानी बढ़ गई है। सॉफ्टवेयर में तकनीकी दिक्कत आने के कारण नए वाहनों का रजिस्ट्रेशन, वाहन ट्रांसफर, फिटनेस, परमिट और अन्य ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। काम नहीं होने से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आरटीओ कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां भी उन्हें कोई स्पष्ट समाधान नहीं मिल पा रहा है।

वाहन मालिकों का कहना है कि कई लोग नए वाहन खरीदने के बाद नंबर जारी होने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि कई लोगों के वाहन ट्रांसफर और फिटनेस संबंधी कार्य अटक गए हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया बाधित होने से एजेंट, वाहन डीलर और आमजन सभी परेशान हैं। कई लोग घंटों तक कार्यालय में इंतजार करने के बाद वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं, क्योंकि कार्यालय से लगातार सर्वर होने की बात कही जा रही है और बाद में पता चलता है आज काम नहीं हो पाएगा।

परिवहन कार्यालय पहुंच रहे लोग

आरटीओ कार्यालय में रोजाना सैकड़ों लोग विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सॉफ्टवेयर की धीमी गति और बार-बार सर्वर बंद होने से कर्मचारियों को भी काम करने में दिक्कत हो रही है। इससे विभागीय कामकाज की गति पर भी असर पड़ा है। कई आवेदनों की प्रक्रिया अधूरी रह गई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कुछ इसके चलते कर्मचारियों से बहस भी कर रहे हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल रहा।

विभाग के पास कोई विकल्प नहीं

परिवहन विभाग की अधिकांश सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन होने के कारण सॉफ्टवेयर बंद होते ही पूरा कामकाज प्रभावित हो जाता है। ऐसे में विभाग के पास वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है। इधर, परिवहन विभाग का कहना है कि समस्या केवल कोटा जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में तकनीकी दिक्कत सामने आ रही है। विभागीय अधिकारियों ने मुख्यालय को स्थिति से अवगत करवा दिया है और जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।

मुख्यालय को अवगत करवा दिया है-

पिछले करीब 10 दिनों से वाहन सॉफ्टवेयर रुक-रुक कर चल रहा है। इससे परिवहन विभाग के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में मुख्यालय को अवगत करवा दिया गया है। यह समस्या केवल कोटा में नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में सामने आ रही है। -मनीष शर्मा आरटीओ कोटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *