Ajinkya Rahane on Virat Kohli: रायपुर के शहीद वीर नारायण इंटरनेशनल स्टेडियम में विराट कोहली ने 60 गेंदों में नाबाद 105 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इस पारी की बदौलत RCB ने शानदार जीत हासिल कर ली।
IPl 2026 RCB vs KKR Highlights: आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में केकेआर को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। रायपुर के शहीद वीर नारायण इंटरनेशनल स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 193 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। इस हार के बाद केकेआर के अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है, वहीं विराट कोहली की आरसीबी ने लगभग प्लेऑफ में एक कदम रख दिया है।
KKR ने छोड़े 2 महत्वपूर्ण कैच
कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस मुकाबले में कई गलतियां कीं, लेकिन इस दौरान छोड़े गए दो कैच सबसे ज्यादा भारी पड़े और उन्हीं बल्लेबाजों ने टीम से मैच भी छीन लिया। आपको बता दें कि आरसीबी के लिए देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने सबसे ज्यादा रन बनाए और दोनों के बीच हुई साझेदारी ने केकेआर की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। विराट कोहली इस मुकाबले में 60 गेंदों में 105 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंदों में सात चौकों की मदद से 39 रन बनाए।
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चौथे ओवर में पहला झटका लगा, जब जैकब बेथेल कार्तिक त्यागी की गेंद पर उन्हीं को कैच देकर पवेलियन लौट गए। लेकिन इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के बीच 92 रनों की साझेदारी हुई और यही साझेदारी केकेआर पर इतनी भारी पड़ी कि वह मुकाबला हार गई। हार के बाद अजिंक्य रहाणे ने बताया कि उनकी टीम किस वजह से हारी। रहाणे ने कहा कि 190 का स्कोर इस पिच पर अच्छा था। केकेआर के बल्लेबाजों ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उससे उन्हें भी लगा कि यह स्कोर ठीक है। हालांकि टी20 मुकाबलों में 10-15 रन इधर-उधर हो सकते हैं।
विराट को बताया खतरनाक खिलाड़ी
उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार मुकाबलों में टीम की फील्डिंग काफी अच्छी रही थी, लेकिन जब आप विराट कोहली जैसे खिलाड़ी का कैच छोड़ते हैं तो मुश्किल हो जाती है। नए बल्लेबाजों के लिए विकेट आसान नहीं था और यही सबसे बड़ा फर्क साबित हुआ। रहाणे ने बताया कि विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की साझेदारी ही आरसीबी की जीत की सबसे बड़ी वजह रही और यही मुकाबले का निर्णायक पल था। उन्होंने कहा, “हम सभी जानते हैं कि लक्ष्य का पीछा करते समय विराट कोहली कितने खतरनाक हो जाते हैं। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। साथ ही देवदत्त पडिक्कल ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है।”
आपको बता दें कि इन्हीं दो खिलाड़ियों के कैच छोड़ना केकेआर को काफी महंगा पड़ा। अब कोलकाता नाइट राइडर्स को इस सीजन तीन मुकाबले और खेलने हैं। टीम का सामना 16 मई को गुजरात टाइटंस, 20 मई को मुंबई इंडियंस और 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स से होगा। हालांकि, इन तीनों मुकाबलों को जीतकर भी केकेआर का प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा है।
Sports – Patrika | CMS



