Delhi NCR weather update: दिल्ली-NCR में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को मई की तपती गर्मी से थोड़ी राहत मिली। ओलावृष्टि के बाद मौसम सुहावना नजर आया। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं दिख रही।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से तापमान बढ़ने, उमस और लू जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई है। बात करें दिल्ली-NCR में आज का मौसम कैसा रहेगा तो आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश और हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, दिन में गर्मी और उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है।
बुधवार को कैसा रहा दिल्ली-एनसीआर का मौसम?
बुधवार शाम दिल्ली, गुरुग्राम और एनसीआर के कई इलाकों में अचानक मौसम बदला हुआ नजर आया। कई इलाकों में तेज बारिश हुई और कई जगहों पर ओले भी गिरे। साथ ही तेज रफ्तार से हवाएं भी चलीं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह प्री-मानसून गतिविधियों का असर है और आने वाले दिनों में मौसम इसी तरह बदलता रह सकता है।
अचानक मौसम में बदलाव क्यों?
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिम राजस्थान और आसपास के इलाकों में चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है और वहीं बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र भी लगातार मजबूत हो रहा है। यही वजह है कि उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक अलग-अलग मौसम देखने को मिल रहे हैं। इसी वजह से दिल्ली-एनसीआर में मौसम के बदलते मिजाज नजर आए।
आने वाले दिनों के लिए IMD का नया अलर्ट
आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी फिर से लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं और कई इलाकों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। राजधानी में भी अगले 6 दिनों के दौरान दिन का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। यानी बारिश से मिली राहत ज्यादा लंबे समय तक टिकती नजर नहीं आ रही है। राजधानी के लोगों को गर्मी, लू और उमस तीनों का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि बुधवार को आए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आज का मौसम भी वैसा ही बना रहेगा, लेकिन वीकेंड तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से 42 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर जा सकता है। साथ ही रात का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे रातें भी गर्म होने लगेंगी।


