Prateek Yadav Death: प्रतीक यादव की मौत पर सन्न रह गए रवि किशन, बोले- उनकी दो छोटी-छोटी बेटियां हैं

Prateek Yadav Death: प्रतीक यादव की मौत पर सन्न रह गए रवि किशन, बोले- उनकी दो छोटी-छोटी बेटियां हैं

Ravi Kishan On Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के अचानक निधन की खबर ने राजनीतिक और फिल्मी जगत दोनों को झकझोर दिया है। महज 38 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले प्रतीक यादव को लेकर अब अभिनेता और बीजेपी सांसद रवि किशन ने भावुक प्रतिक्रिया दी है। रवि किशन ने कहा कि वो प्रतीक को बहुत अच्छे से जानते थे और उनका यूं चले जाना बेहद दुखद है।

फिटनेस को लेकर रहते थे बेहद सजग (Ravi Kishan On Prateek Yadav Death)

रवि किशन ने ANI से बातचीत के दौरान बताया कि प्रतीक यादव फिटनेस को लेकर काफी गंभीर रहते थे। उनका जिम और कंस्ट्रक्शन से जुड़ा कारोबार था। उन्होंने कहा कि राजनीति से दूरी बनाने के बावजूद प्रतीक का व्यवहार बेहद विनम्र और शांत था। रवि किशन के मुताबिक जो भी उनसे मिलता था, वो उनकी सादगी का कायल हो जाता था।

उन्होंने कहा कि सुबह जैसे ही उन्हें इस दुखद खबर की जानकारी मिली, वो अंदर तक हिल गए। अभिनेता ने बताया कि प्रतीक पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था, लेकिन इतनी कम उम्र में उनका जाना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।

परिवार के लिए मुश्किल समय

रवि किशन ने प्रतीक यादव के परिवार को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी और दो बेटियों के लिए यह समय बेहद कठिन है। अभिनेता ने कहा कि परिवार जिस दर्द से गुजर रहा है, उसे शब्दों में बयान करना आसान नहीं है।

फेफड़ों की बीमारी से थे परेशान

जानकारी के मुताबिक प्रतीक यादव पिछले काफी समय से फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके फेफड़ों में ब्लड क्लॉट की समस्या थी, जिसका इलाज चल रहा था। बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और वो बेहोश हो गए। इसके बाद परिवार वाले उन्हें तुरंत लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राजनीति से दूर रखते थे खुद को

हालांकि प्रतीक यादव का परिवार राजनीति के केंद्र में रहा, लेकिन उन्होंने खुद को हमेशा राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखा। वो बिजनेस और फिटनेस की दुनिया में ज्यादा सक्रिय थे। सोशल मीडिया पर भी उनकी फिटनेस और लाइफस्टाइल को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती थी।

उनके निधन के बाद कई राजनीतिक नेताओं और फिल्मी हस्तियों ने श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें एक शांत, फिटनेस प्रेमी और पारिवारिक इंसान के रूप में याद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *