निषाद समाज को आरक्षण दिलाएं संजय निषाद- मुकेश साहनी:चंदौली में बोले- समाज को आज तक दलित आरक्षण और उनके अधिकार नहीं मिल पाए

निषाद समाज को आरक्षण दिलाएं संजय निषाद- मुकेश साहनी:चंदौली में बोले- समाज को आज तक दलित आरक्षण और उनके अधिकार नहीं मिल पाए

चंदौली के गोधना क्षेत्र के समीप बुधवार को आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मुकेश साहनी ने उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी ने आरोप लगाया कि डॉ. संजय निषाद ने अपने समाज के लोगों के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि निषाद समाज को आज तक दलित आरक्षण और उनके अधिकार नहीं मिल पाए हैं। साहनी ने डॉ. संजय निषाद को चुनौती देते हुए कहा कि वे छह महीने के भीतर भाजपा से निषाद समाज के लिए आरक्षण दिलाएं। यदि ऐसा नहीं हो पाता है, तो उन्हें भाजपा छोड़कर इंडिया गठबंधन में शामिल हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में वे डॉ. निषाद का नेतृत्व स्वीकार करने को तैयार हैं। सम्मेलन में मुकेश साहनी ने घोषणा की कि वीआईपी उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है और आगामी चुनावों में मजबूती से मैदान में उतरेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी 25 जुलाई से 101 दिवसीय यात्रा शुरू करेगी, जिसका उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वीआईपी के हिस्से में आने वाली 90 प्रतिशत सीटों पर निषाद समाज के उम्मीदवारों को टिकट दिया जाएगा। भाजपा पर हमला बोलते हुए साहनी ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना है, जनता की समस्याओं से उसका कोई सरोकार नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत संबंधी अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए साहनी ने कहा कि प्रधानमंत्री को पहले अपने काफिले में चलने वाले वाहनों की संख्या कम करनी चाहिए, उसके बाद ही देशवासियों से अपील करनी चाहिए। कार्यक्रम में राजा राम बिंद, अच्छेलाल निषाद, शैलेश निषाद, शिव चरण बिंद और सुचेत साहनी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *