कौशांबी जिले के सिराथू तहसील क्षेत्र के तरसौरा गांव में बुधवार शाम तेज आंधी के दौरान भीषण आग लग गई। इस घटना में सात घर जलकर राख हो गए और एक भैंस की मौत हो गई। आग से लगभग 10 परिवारों का घरेलू सामान नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि आग पहले खेत में लगी थी। तेज हवा के कारण चिंगारियां पास के रिहायशी इलाके तक पहुंच गईं, जिससे कई घरों में आग फैल गई और उसने विकराल रूप ले लिया।
आग ने शिव बाबू, सुखदेव, राकेश कुमार सहित सात ग्रामीणों के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने अपने घरों से सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेजी के कारण काफी सामान जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में एक भैंस की जलकर मौत हो गई, जबकि तीन से चार अन्य मवेशी झुलस गए। ग्रामीणों को इस हादसे से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने हैंडपंप और नलकूपों की मदद से आग बुझाने का लगातार प्रयास किया। सूचना मिलने के लगभग 30 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। सिराथू के एसडीएम योगेश कुमार गौड़ राजस्व टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से बातचीत की और सरकारी मदद का आश्वासन दिया। एसडीएम ने तहसीलदार और लेखपाल को गांव में हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जल्द मुआवजा दिया जा सके।
जिन परिवारों को भारी नुकसान हुआ है, उनमें राकेश पटेल, सुखदेव, रोशन लाल पटेल, इंदल पटेल, शिवबालक (जिनकी भैंस की मृत्यु हुई), सेठ लाल, नोखेलाल, केशन लाल, सुखदेव और प्रेम चंद्र शामिल हैं।


