सूडान (Sudan) में चल रहा गृहयुद्ध 3 साल से ज़्यादा समय बीतने के बाद भी जारी है। 15 अप्रैल 2023 से सूडान में सेना और अर्धसैनिक बल (पैरामिलिट्री) रैपिड सपोर्ट फोर्सेज़ – आरएसएफ (Rapid Support Forces – RSF) के बीच युद्ध चल रहा है, जिससे देश में तबाही मच चुकी है। हालांकि गौर किया जाए, तो देश में आरएसएफ ने ज़्यादा हमले किए हैं। हालांकि आरएसएफ के कब्ज़े वाले इलाकों पर सेना के हमलों के मामले भी समय-समय पर देखने को मिलते हैं। इसी बीच अब सूडान में एक बार फिर ड्रोन अटैक का मामला सामने आया है।
ड्रोन अटैक से मचा हाहाकार, 6 लोगों की हुई मौत
सूडान के ईस्ट दारफुर (East Darfur) राज्य के अल-दाएन (El Daein) शहर में मंगलवार को ड्रोन अटैक का मामला देखने को मिला। इस हमले में आवासीय क्षेत्र को निशाना बनाया गया। इस हमले में 6 लोगों की मौत हो गई, जिसकी पुष्टि क्षेत्र में रहने वाले दो लोगों और अल-दाएन अस्पताल में काम करने वाले एक व्यक्ति ने की।
5 लोग घायल
इस ड्रोन अटैक में 5 लोग घायल भी हो गए, जिन्हें अल-दाएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका इलाज चल रहा है। इनमें से 3 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
आरएसएफ ने सेना पर लगाया आरोप
आरएसएफ ने इस हमले का आरोप सेना पर लगाया है। हालांकि सेना की तरफ से अभी तक इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ईस्ट दारफुर राज्य पर आरएसएफ का कब्ज़ा है।
सूडान में नहीं सुधर रहे हालात
सूडान में चल रहे इस युद्ध की वजह से हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस युद्ध की वजह से सूडान में अब तक कई हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है। लाखों लोग अपना घर गंवा चुके हैं और विस्थापित हो चुके हैं। देश में इस युद्ध की वजह से गंभीर चिकित्सकीय संकट भी चल रहा है। इतना ही नहीं, युद्ध की वजह से देश में भोजन का संकट भी पैदा हो गया है जिससे करोड़ों लोग परेशान हैं। कई देश इस युद्ध के अंत की मांग उठा चुके हैं, लेकिन अभी भी इसके खत्म होने के आसार नज़र नहीं आ रहे हैं।



Al-Daein, controlled by the Rapid Support Forces, was hit by a drone strike on Tuesday, killing at least six people, medical sources and residents told AFP.