सीतापुर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने मंगलवार दोपहर जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। सीडीओ ने ओपीडी, वार्ड, ब्लड बैंक, एचआईवी वार्ड, आयुष्मान योजना काउंटर और नेत्र शिविर सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर और वार्डों में गंदगी मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.के. सिंह भी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, निरीक्षण में मिली कमियों को छिपाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन सीडीओ ने व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। सीडीओ ने एक्सरे और सीटी स्कैन मशीनों की कार्यप्रणाली तथा उनके रखरखाव की स्थिति की भी जानकारी ली। मशीनों के मेंटेनेंस को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त किया जाए और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले जिलाधिकारी राजा गणपति आर भी जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।


