संभल के इशाकपुर गांव में मंगलवार सुबह एक खंडहरनुमा मकान में हुए जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाके के कारण मकान पूरी तरह ढह गया और उसमें बंधी पांच भैंसें झुलस गईं। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। यह घटना जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना रजपुरा क्षेत्र के इशाकपुर गांव में सुबह करीब 9 बजे हुई। बताया जा रहा है कि यह मकान पड़ोसी जनपद बुलंदशहर के मुबारपुर निवासी श्यौराज पुत्र लाल का है, जो पिछले चार साल से खंडहर अवस्था में पड़ा था। गांव के मनोज पुत्र गणपत और ब्रह्म प्रकाश पुत्र मदन लाल की आधा दर्जन से अधिक भैंसें इस खाली मकान में बंधी हुई थीं।विस्फोट के बाद मकान ढहने और आग लगने से भैंसें झुलस गईं। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए, लेकिन कोई भी मकान के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। सूचना मिलने पर एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनसे पहले थाना प्रभारी संदीप चौधरी और दमकल विभाग की टीम गांव पहुंच चुकी थी। दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे के नीचे से पशुओं को बाहर निकाला। झुलसी हुई पांच भैंसों का इलाज जारी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए हैं। एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत ने बताया कि एक व्यक्ति ब्रह्मदत्त के पास पटाखों का लाइसेंस है, लेकिन जिस जगह यह घटना हुई, वहां अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम इस बात की जांच कर रही है कि वहां कितने पटाखे या बारूद रखे हुए थे। साक्ष्य एकत्र होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। देखें हादसे की तस्वीरें…


