आणंद. जिले के तारापुर-वटामण हाईवे पर सोमवार तड़के सीएनजी गैस स्टेशन के निकट खड़े ट्रक के पीछे तेज रफ्तार मिनी टेम्पो के घुसने से टेम्पो में सवार मजदूर परिवार के चार सदस्यों की मौके पर मौत हो गई। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले के छोटी सरनी गांव निवासी हैं। मृतकों में प्रदीप मंडोल (32), उनकी पत्नी जयली मंडोल (30), उनकी पुत्री सिजल मंडोल (12) के अलावा अस्मिता बिलास (8) शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, एमपी के छोटी सरनी गांव के प्रदीप मंडोल अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिनी टेम्पो में सवार होकर मजदूरी के लिए सौराष्ट्र जा रहे थे। उनका टेम्पो तारापुर-वटामण हाईवे पर फतेपुरा गांव के पास स्थित सीएनजी गैस स्टेशन के नजदीक से गुजर रहा था। इसी समय सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे मिनी टेम्पो टकरा गया। जोरदार टक्कर से टेम्पो के केबिन सहित आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े
टेम्पो में फंसे घायलों की चीखें सुनकर सीएनजी गैस स्टेशन का स्टाफ तथा आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने टेम्पो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही तारापुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से तत्काल उपचार के लिए तारापुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए समीप के अस्पताल पहुंचाया गया।
बेहतर रोजगार-कमाई की उम्मीद लेकर निकला था परिवार
बेहतर रोजगार और कमाई की उम्मीद लेकर निकला था परिवार रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया, जिससे पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल फैल गया। तारापुर पुलिस ने मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के बिसनखेड़ी निवासी ट्रक चालक सुनीलकुमार राठौर की शिकायत के आधार पर टेम्पो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।
शादी की खुशियां मातम में बदली, नहर में डूबने से चाचा-भतीजे ने गंवाई जान, खेड़ा जिले के रामनगर क्षेत्र से गुजर रही रास्का वियर नहर में नहाते समय हादसा
आणंद. खेड़ा जिले की महुधा तहसील के रामनगर क्षेत्र में गुजर रही रास्का वियर नहर में नहाने गए चाचा-भतीजे की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में आणंद जिले की उमरेठ तहसील के सुंदलपुरा गांव निवासी शनिभाई वसावा (26) और भतीजा सावनभाई वसावा (18) शामिल हैं। शादी के समारोह में शामिल होने आए चाचा और भतीजे की मौत से खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, सुंदलपुरा गांव के निवासी शनिभाई और भतीजा सावनभाई रामनगर गांव गए थे। वे शनिभाई की साली की शादी में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। शादी की रस्में चल रही थीं, उसी दौरान दोनों युवक रास्का वियर नहर में नहाने पहुंचे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उस समय नहर में पानी का बहाव बहुत तेज था। नहाते समय अचानक सावनभाई ने अपना संतुलन खो दिया और वह गहरे पानी में डूबने लगा भतीजे को मौत से लड़ते और डूबते देख, उसे बचाने के लिए चाचा ने भी अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत पानी में छलांग लगा दी।
हालांकि, नहर में पानी की गहराई अधिक होने और बहाव की गति अत्यंत तेज होने के कारण दोनों युवक प्रवाह का सामना नहीं कर सके और देखते ही देखते डूब गए। सूचना मिलते ही शादी में मौजूद रिश्तेदार और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में नहर के किनारे पहुंचे।
स्थानीय गोताखोरों ने निकाला बाहर
स्थानीय गोताखोरों द्वारा नहर में कड़ी मशक्कत और खोजबीन की गई। दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया। महुधा पुलिस का काफिला तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महुधा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। फिलहाल, महुधा पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया।


