Ahmedabad: चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने सोमवार को अहमदाबाद में भट्टी जैसी तपन का अहसास कराया। दोपहर में दुपहिया चालकों की हालत ऐसी रही कि लोग बार-बार छांव की तलाश में दिखाई दिए। कई व्यस्त सड़कें दोपहर के समय सुनसान सी नजर आईं। न सिर्फ मनुष्य बल्कि पशु-पक्षी भी गर्मी से व्याकुल दिखाई दिए। अहमदाबाद शहर में सोमवार को अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के सामान्य तापमान से 2.7 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने आगामी चार दिनों तक ऑरेंज अलर्ट और उसके बाद तीन दिनों तक यलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट 17 मई तक के लिए जारी किया है।दोपहर के समय बाहर न निकलने की अपीलमनपा के स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतें। इनमें पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, नारियल पानी या छाछ का सेवन करें। दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें। हल्के रंग के, ढीले सूती कपड़े पहनें और छतरी व टोपी का उपयोग करें। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें। ताजे फल और सब्जियां खाएं, तैलीय और भारी भोजन से बचें।राज्य के अन्य शहरों में भी गर्मी का प्रकोपअहमदाबाद ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य शहरों में भी लोगों ने गर्मी की तीव्रता का अनुभव किया। सबसे अधिक तापमान सौराष्ट्र के सुरेंद्रनगर में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कच्छ के कंडला एयरपोर्ट पर भी तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
अन्य कई शहर भी भीषण गर्मी की चपेट में
मौसम विभाग के अनुसार सौराष्ट्र, कच्छ और उत्तर गुजरात रीजन के कई शहरों में आगामी 17 मई तक भीषण गर्मी बनी रहने की संभावना है। हीटवेव की चेतावनी के मद्देनजर कई शहरों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रमुख शहरों का तापमानशहर- पारा डिग्री सेल्सियस में
सुरेंद्रनगर- 45.5
कांडला एयरपोर्ट- 45.4
अहमदाबाद- 44.
3गांधीनगर- 44.0
राजकोट- 43.3
वडोदरा- 43.6
सूरत- 42.2
भुज- 42.0


