dholpur: परिषद ने किए सफाई के जोर-शोर से दावे, जमीनी स्तर पर कुछ नहीं, रात्रिकालीन सफाई बंद

dholpur: परिषद ने किए सफाई के जोर-शोर से दावे, जमीनी स्तर पर कुछ नहीं, रात्रिकालीन सफाई बंद

धौलपुर..बातें हैं सब बातों का क्या…यह फिल्मी गाना नगर परिषद की कार्यशैली पर सटीक बैठता है। जो शहर में विकास के वादे तो जोर-शोर से करती है, लेकिन उसको जमीनी स्तर पर लागू कर पाने में हर बार नाकामयाब रहती है। इस बार भी ऐसा ही हुआ है। परिषद ने गत दिनों रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था प्रारंभ की थी, लेकिन यह व्यवस्था सप्ताह भर में ही टांय-टांय फिस्स हो गई। हालांकि परिषद का कहना है कि रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का समय परिवर्तन किया गया है, जो रात्रि ३ बजे से सुबह 6 बजे कर दिया गया है।

शहर में सफाई व्यवस्था का हाल बेहाल है। जगह-जगह-जगह बनेे कचरा प्वाइंटों पर पसरा कचरा और सडक़ों पर चहुंओर फैली गंदगी इसका स्पष्टीकरण दे रहे हैं। परिषद साफ सफाई को लेकर बातें तो खब करती है, लेकिन जमीनी हालातों में जस से तस फर्क नहीं आता। गत 15 दिन पहले परिषद ने रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था प्रारंभ की थी। जिसका मकसद दुकानदारों के द्वारा सडक़ों पर फेेंकने वाले कचरे को साफ कर सडक़ को सुंदर बनाना था, लेकिन परिषद का यह अभियान भी उसकी ही बातों की तरह निकला और यह अभियान बमुश्किल सात दिनों में समाप्ति की ओर पहुंच गया। अब रात्रि का कहीं भी कोई भी सफाई कर्मचारी आपको झाडू लगाते दिखाई नहीं देगा। सबसे बड़ी बात यह है कि नगर परिषद शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को ईमानदार ही नहीं है अगर होती तो सफाई व्यवस्था की जमीनी स्तर से मॉनिटरिंग की जाती, लेकिन सफाई को लेकर जिम्मेदार अधिकारी अपने दफ्तरों की कुर्सियों तक ही सीमित हैं। यही कारण है कि सालों से एक ही कुर्सी और दायित्व के बावजूद भी शहर की सफाई व्यवस्था लचर हालातों में है।

यहां-यहां होनी है रात्रि को सफाई

नगर परिषद ने शहर को साफ रखने के लिए रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था प्रारंभ की थी। जिसके लिए परिषद ने ८ सफाई कर्मचारियों को लगा रखा है। जो संतर रोड, तोप तिराहा, बजरिया, मण्डी तिराहा, लाल बाजार, नर्सिंग रोड, जगन चौराहा क्षेत्रों में सफाई का कार्य दिया गया था। अभियान प्रारंभ होने के बाद कुछ दिनों तक सडक़ों की साफ सफाई की गई, लेकिन धीरे-धीरे समय निकलने के साथ ही अब रात्रि में सफाई कर्मचारी सडक़ों से नदारद हैं।

रात 3 से सुबह 6 बजे अब समय

रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था पर जिम्मेदार अधिकारियों ने बताया कि इसका अब समय परिवर्तन कर दिया गया है। क्योंकि रात्रि में सफाई कार्य के दौरान कुछ परेशानियां खड़ी हो रही थी, जिस कारण अब रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का समय रात्रि 3 बजे से सुबह के 6 बजे तक कर दिया है। जो सिर्फ सडक़ों की सफाई करेंगे, जबकि सुबह आने वाली सफाई टीम नालियों की साफ सफाई करेंगी। जिससे किसी को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

फोटो सेशन तक रहा पहला अभियान

ज्ञात हो कि नगर परिषद ने गत वर्ष भी रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था प्रारंभ की थी, लेकिन तब यह व्यवस्था कुछ दिनों की ही मेहमान साबित हुई। तब नगर परिषद के जिम्मेदारों ने हाथ में झाडू लेकर गुलाब बाग चौराहे पर रात्रिकालीन सफाई अभियान प्रारंभ किया था, जिसको लेकर फोटो-सोटो भी खूब खींचे गए थे, लेकिन वही जिम्मेदारी और मॉनिटरिंग के अभाव में चार दिन में अभियान टांय-टांस फिस हो गया। इसका साफ मतलब है कि नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी सफाई व्यवस्था को लेकर घोषणाएं तो करते हैं, लेकिन उसे ठीक से अमलीजामा नहीं पहना पाते।

रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का समय परिवर्तन कर दिया गया है। अब बाजारों सडक़ों की सफाई का समय रात्रि 3 बजे से सुबह 6 बजे कर दिया गया है। रात्रि को सफाई के दौरान कर्मियों को कई परेशानियां आने के कारण समय परिवर्तित किया गया है।

-प्रकाश श्रीवास्तव, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक नगर परिषद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *