Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भाजपा के निष्कासित पार्षद द्वारा एक युवक को दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर 40 हजार रुपए मांगने का मामला सामने आया है। लगातार दबाव और धमकियों से परेशान युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
Chhattisgarh News: प्रेम संबंध के विवाद के बाद शुरू हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, घरघोड़ा वार्ड क्रमांक-10 निवासी साहिल यादव (26) का धरमजयगढ़ क्षेत्र की एक युवती से पिछले 4-5 वर्षों से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवती शिकायत लेकर घरघोड़ा थाना पहुंची। इस दौरान साहिल भी निष्कासित भाजपा पार्षद श्याम भोजवानी के साथ थाने पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया और युवती ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई।
थाने से लौटते ही परिवार को दी धमकी
शिकायत के मुताबिक, उसी शाम श्याम भोजवानी साहिल के मोहल्ले पहुंचा और परिवार को धमकाते हुए कहा कि मामला खत्म कराने के लिए थाना में 50 हजार रुपए देने होंगे, अन्यथा साहिल को दुष्कर्म केस में फंसा दिया जाएगा। परिवार ने असमर्थता जताई तो आरोपी ने 40 हजार रुपए में मामला सुलझाने की बात कही।
फोन कॉल कर बनाता रहा दबाव
साहिल ने पुलिस को बताया कि आरोपी लगातार उसे और उसकी मां को फोन कर धमका रहा था। पैसे नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी देकर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। युवक ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी पुलिस अधिकारी ने उससे कोई रकम नहीं मांगी थी।
ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुली पोल
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। जांच के दौरान युवक ने आरोपी द्वारा पैसे मांगने की मोबाइल ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया।
Chhattisgarh News: SSP ने दी चेतावनी
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी श्याम भोजवानी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। रायगढ़ SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून या पुलिस का डर दिखाकर अवैध वसूली करना गंभीर अपराध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।


