Ahmedabad: गोमतीपुर का परिवार विदेश में बंधक, डेढ़ करोड़ की फिरौती मांगी

Ahmedabad: गोमतीपुर का परिवार विदेश में बंधक, डेढ़ करोड़ की फिरौती मांगी

Ahmedabad. शहर के गोमतीपुर क्षेत्र का रहने वाला एक परिवार विदेश में फंसा है। परिवार के चार सदस्य 30 अप्रेल को लंदन जाने के लिए निकले थे। वह दिल्ली, श्रीलंका, दुबई होते हुए लंदन जा रहे थे। दुबई पहुंचने के बाद पांच मई से परिवार का संपर्क नहीं हो रहा है। उन्हें बंधक बनाए जाने की बात सामने आई है।

अहमदाबाद में रह रहे इस परिवार की बेटी को फोन करके डेढ़ करोड़ रुपए की फिरौती मांगी जा रही है। पीडि़त परिवार की इस महिला सदस्य ने गोमतीपुर पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। जिससे महिला ने बापूनगर के विधायक दिनेश सिंह कुशवाह से संपर्क किया। कुशवाह के दखल देने के बाद इस मामले में महिला की शिकायत को पुलिस ने सुना और कार्रवाई शुरू की है। विदेश में फंसे परिवार के सदस्यों में महिला, पुरुष और उनके दो बेटे शामिल हैं। यह सभी लंदन गए हैं। इन्हें किसी अफ्रीकी देश में बंधक बनाए जाने की आशंका है। इस मामले में अहमदाबाद के एजेंट प्रीतेश जोशी और वलसाड के एजेंट दर्शन मिस्त्री का नाम सामने आया है। इन दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

सेक्टर-2 के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि इस मामले में महिला की प्राथमिकी को गोमतीपुर पुलिस ने दर्ज कर लिया है। दो एजेंट को हिरासत में लिया है, पूछताछ की जा रही है।

महिला का मदद की गुहार का ऑडियो वायरल

अहमदाबाद के गोमतीपुर में रहने वाली इस परिवार की बेटी (महिला सदस्य) ने मीडिया को बताया कि उनकी मां का ऑडियो मैसेज भी आया है, जिसमें वे उन्हें संबोधित करते हुए मदद की गुहार लगाती दिख रही हैं। कुछ भी कर भाई को बचा ले, इन्हें कहीं से भी लाकर पैसे दे ऐसा कहते सुनाई दे रही हैं। महिला सदस्य का कहना है कि खान बाबा नाम के व्यक्ति की ओर से उन्हें फोन कर डेढ़ करोड़ रुपए की मांग की जा रही है। आरोपियों की ओर से परिवार के एक सदस्य की गर्दन पर चाकू रखी अवस्था का फोटो भी भेजा गया है।

सरकार परिवार के साथ: कुशवाह

बापूनगर के विधायक दिनेश कुशवाह ने बताया कि विदेश में बंधक परिवार की बेटी उनके पास आई थी। उसका कहना था कि वह पुलिस के पास गई, लेकिन बात नहीं सुनी गई। महिला को सुना तो लगा कि वह सही बोल रही है। वह खुद भी एक बार विदेश जा चुकी थी। ऐसे में गोमतीपुर पीआइ को इस मामले में बात की और कहा कि परिवार समस्या में है। उन्होंने महिला को सुना और योग्य कार्रवाई शुरू की है। प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। कुशवाह ने कहा कि इस मामले में सरकार परिवार के साथ है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। मदद की हर कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *