Etawah celebratory firing: इटावा में हर्ष फायरिंग को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो को गिरफ्तार किया है। जिनकी हर्ष फायरिंग से एक युवक घायल हो गया था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक लाइसेंसी और एक अवैध असलहा भी बरामद किया गया है। घायल पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि गस्त के दौरान मिली सूचना के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना चौबिया थाना क्षेत्र की है।
शादी में हो रहे रस्मों के दौरान हर्ष फायरिंग
उत्तर प्रदेश के चौबिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नगला सिंह में मांगलिक कार्यक्रम के दौरान घुड़चढ़ी के साथ अन्य रस्में निभाई जा रही थी। इसी बीच दूल्हे पक्ष की तरफ से हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान लापरवाही बरती गई और एक गोली आयुष कुमार पुत्र सर्वेश सिंह को लग गई। गोली लगते ही सर्वेश सिंह जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर अफरातफरी मच गई।
अस्पताल में भर्ती कराया गया
आनन-फानन में आयुष को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। इस संबंध में सर्वेश सिंह पुत्र लाल रामनिवास निवासी नगला सिंह मौज मनीगांव थाना चौबिया ने थाने में तहरीर देकर घटनाक्रम की जानकारी दी। जिसमें उन्होंने दूल्हे पक्ष के साथ आए सुदेश कुमार पुत्र रघुवीर सिंह और अशोक कुमार पुत्र सोवरन सिंह निवासी नगला केहरि थाना बेवर मैनपुरी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
अवैध शास्त्रों से फायरिंग की गई
अपनी तहरीर में सर्वेश सिंह ने बताया कि अवैध शास्त्रों से फायरिंग की गई थी, जो उनके पुत्र आयुष कुमार के कमर में लग गई। मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1), 351(3) और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया। चौबिया थाना पुलिस गस्त कर रही थी। इसी दौरान हर्ष फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों की जानकारी मिली।
पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार
जानकारी मिलतीे ही पुलिस सक्रिय हुई और सुदेश कुमार पुत्र रघुवीर सिंह और आदेश कुमार पुत्र सोवरन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। चौबिया थाना पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के पास से एक लाइसेंसी राइफल 315 बोर और एक अवैध पिस्तौल बरामद किया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में चौबिया थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह, उप निरीक्षक मानसिंह, कांस्टेबल रवि कुमार आदि शामिल थे।


