बरेली। शहर के सबसे व्यस्त चौपला पुल पर मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। इसके चलते 12 मई 2026 की सुबह 8 बजे से करीब 45 दिनों तक बरेली का ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह बदला रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों, तेल टैंकरों, डेयरी उत्पाद वाहनों, रोडवेज बसों, सिटी बसों और ट्रैक्टर ट्रॉली के लिए बड़ा डायवर्जन प्लान जारी किया है। पुलिस ने लोगों से चौपला और बदायूं रोड की तरफ जाने से बचने की अपील की है।
एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान के अनुसार बदायूं से बरेली आने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन रामगंगा से सीधे चौपला पुल की तरफ नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को अब रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ होकर शहर में प्रवेश करना होगा। वहीं चौपला चौराहे से बदायूं रोड पुल और गन्ना मील की तरफ भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
नैनीताल-पीलीभीत से बदायूं जाने वालों के लिए नया रूट
नैनीताल और पीलीभीत की तरफ से बदायूं जाने वाले वाहनों को अब वियावान कोठी, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा होकर गुजरना पड़ेगा। इसी मार्ग से वापसी भी कराई जाएगी। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की तरफ से आने वाली रोडवेज बसों को भी चौकी चौराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा रूट से निकाला जाएगा।
कॉलोनियों में रहने वालों को मिलेगी राहत
बदायूं रोड स्थित करगैना, बीडीए, सुभाषनगर समेत आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के लिए दोपहिया वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से आने-जाने की अनुमति दी गई है। लोग सुभाषनगर, मढ़ीनाथ मंदिर, शांति विहार कॉलोनी और मढ़ीनाथ पुल के रास्ते चौपला व सिटी स्टेशन की तरफ आ-जा सकेंगे। इसके अलावा सुभाषनगर चुंगी और वाजपेयी ढाल होकर स्टेशन रोड की पुलिया से भी आवागमन जारी रहेगा।
जाम रोकने के लिए तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल
ट्रैफिक पुलिस ने सुभाषनगर और कोतवाली पुलिस को चौपला पुल और रामगंगा तिराहे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का दावा है कि डायवर्जन व्यवस्था को सख्ती से लागू कर जाम की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी। एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने शहरवासियों से अपील की है कि मरम्मत कार्य के दौरान चौपला और बदायूं रोड की तरफ आने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि ट्रैफिक दबाव कम रहे और लोगों को परेशानी न हो।


