‘चुन-चुनकर मिटाई जा रही नीतीश की निशानी’, राजद का सम्राट चौधरी पर हमला

‘चुन-चुनकर मिटाई जा रही नीतीश की निशानी’, राजद का सम्राट चौधरी पर हमला

Bihar Politics: बिहार की सियासत में इन दिनों नाम बदलने की राजनीति ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। तेजस्वी यादव के करीबी और राष्ट्रीय जनता दल के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। राजद का आरोप है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार योजनाबद्ध तरीके से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत और उनके द्वारा स्थापित संस्थानों की पहचान मिटाने में जुटी है।

निशानी मिटाने का चल रहा खेल

शक्ति सिंह यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट कर कहा कि जब से भाजपा के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सत्ता की कमान संभाली है, उन्होंने अपना संकल्प पूरा करना शुरू कर दिया है। नीतीश कुमार जी को सत्ता से बेदखल करने के बाद अब बिहार से उनकी हर निशानी को चुन-चुनकर मिटाया जा रहा है। राजद प्रवक्ता ने हाल में लिए गए फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि सीतामढ़ी राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम बदलकर ‘माता सीता’ के नाम पर कर दिया गया है। वहीं, पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान का नाम बदलकर अब पटना जू कर दिया गया है।

बख्तियारपुर पर रार

RJD प्रवक्ता ने नीतीश कुमार के पैतृक क्षेत्र बख्तियारपुर को लेकर भी हमला बोला। शक्ति सिंह यादव ने कहा कि अब नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र बख्तियारपुर का नाम बदलने की तैयारियां जोरों पर हैं। राजद प्रवक्ता ने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि बख्तियारपुर नगर परिषद ने हाल ही में मुख्यमंत्री को एक प्रस्ताव भेजा है, जिसमें शहर का नाम बदलकर ‘मगध द्वार’ रखने का सुझाव दिया गया है।

बता दें कि बख्तियारपुर शहर और रेलवे स्टेशन, दोनों का नाम बदलने की मांग लंबे समय से की जा रही है क्योंकि इस शहर का नाम मुहम्मद बख्तियार खिलजी के नाम पर है, वही व्यक्ति जिसने नालंदा विश्वविद्यालय में आग लगाकर उसे नष्ट कर दिया था।

नीतीश को मोक्ष दिलाने का संकल्प

शक्ति सिंह यादव ने आगे तंज कसते हुए कहा, ‘साफ है कि सम्राट चौधरी ने नीतीश नाम की चिड़िया को बिहार से हमेशा के लिए मोक्ष दिलाने का जो संकल्प लिया था, वे अब उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अब बख्तियारपुर की बारी है, जहां से नीतीश जी की जड़ें जुड़ी हैं। भाजपा अब बिहार से नीतीश कुमार का नाम-ओ-निशान मिटाकर पूरी तरह आरएसएस की विचारधारा थोपना चाहती है।’

गिरवी रख दी विचारधारा, अब भुगत रहे खामियाजा

राजद ने न केवल भाजपा बल्कि नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। शक्ति यादव ने कहा कि जब नीतीश जी ने खुद ही अपने समाजवादी उसूलों को संघ और भाजपा के पास गिरवी रख दिया था, तो आज यह अपमान उन्हें सहना ही पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अब जदयू को पूरी तरह अप्रासंगिक बनाने की रणनीति पर काम कर रही है और जदयू के नेता सत्ता के लोभ में अब सिर्फ छटपटाहट दिखा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *