फरीदाबाद में आज रविवार को एक सरपंच और पांच पंच पदों के लिए उपचुनाव की वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। सुबह 8 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। एक सरपंच और पांच पंच पदों के लिए उपचुनाव जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा के अनुसार ब्लॉक फरीदाबाद के ग्राम भस्कोला के वार्ड नंबर 3 (पंच), ब्लॉक तिगांव के ग्राम शाहुपुरा खादर (सरपंच), ग्राम फत्तूपुरा के वार्ड नंबर 2 (पंच – अनुसूचित जाति महिला), ब्लॉक बल्लभगढ़ के ग्राम फतेहपुर बिल्लौच के वार्ड नंबर 19 (पंच – महिला), ग्राम डीग के वार्ड नंबर 1 (पंच) और ग्राम जकोपुर के वार्ड नंबर 2 (पंच – पिछड़ा वर्ग ‘ए’ महिला) के लिए मतदान कराया जा रहा है। पुलिस की टीमें कर रही गश्त प्रशासन की ओर से मतदान को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही पुलिस टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर रही हैं। प्रशासन ने बताया कि मतदान के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। यदि किसी कारणवश आवश्यकता पड़ी तो 12 मई को पुनर्मतदान कराया जाएगा।


