डीग के सीकरी स्थित बाजिव अली चौक चौराहे पर महिला आरक्षण कानून 2023 को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव ने किया। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों और आमजन की बड़ी भागीदारी देखी गई। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष एडवोकेट श्वेता यादव ने कहा कि महिला आरक्षण कानून 2023 महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसे लागू करने में हो रही देरी से महिलाओं में निराशा बढ़ रही है। श्वेता यादव ने केंद्र सरकार से इस कानून को बिना किसी विलंब के तुरंत लागू करने की मांग की। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के अधिकारों के लिए अब संघर्ष और तेज किया जाएगा तथा सड़क से सदन तक आवाज उठाई जाएगी। श्वेता यादव ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर राजनीतिक और निर्वाचन ढांचे में बदलाव करना चाहती है, जो संविधान पर सीधा आघात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने के पक्ष में रही है, लेकिन भाजपा सरकार परिसीमन के माध्यम से अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार ढांचा बदलना चाहती है, जिसे कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी। इस अवसर पर इंजमाम ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर भ्रम फैला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर आम जनता को भ्रमित कर बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है। प्रदर्शन में डीग जिला उपाध्यक्ष सकुनत, नगर ब्लॉक अध्यक्ष हेमलता, निरमा महिला सचिव, गीता बाई सचिव, मोना, रेखा, भोतई सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और ओमप्रकाश, सुगड़ सिंह, धर्म सिंह, अज़ीज़ खान, नानक, वीरा पहलवान, रोहितास, योगेश अकरम, यादराम, हबीब जैसे कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या ने यह स्पष्ट कर दिया कि महिला आरक्षण कानून को लागू कराने के लिए अब आंदोलन और तेज होगा।


