मंत्री दिलावर ने गांवों में सफाई का लिया जायजा:स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के दिए सख्त निर्देश, गंदगी पर जताई नाराजगी

मंत्री दिलावर ने गांवों में सफाई का लिया जायजा:स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के दिए सख्त निर्देश, गंदगी पर जताई नाराजगी

शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को बूंदी जिले के ग्रामीण अंचलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई गांवों में सफाईकर्मी नदारद मिले और जगह-जगह गंदगी फैली हुई पाई गई। मंत्री ने आबादी के अनुपात में स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के भी सख्त निर्देश दिए। दिलावर सुबह 5 बजे ही अधिकारियों के साथ गांवों में पहुंच गए, जब ग्रामीण उठ रहे थे। उन्होंने केशवरायपाटन और तालेड़ा पंचायत समिति के एक दर्जन से अधिक गांवों की मुख्य सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गांवों में जगह-जगह कचरे के ढेर और बदहाल सफाई व्यवस्था देखकर मंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने ग्राम पंचायतों की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने और सफाईकर्मियों का भुगतान समय पर करने के भी निर्देश दिए। मंत्री दिलावर ने सरकारी स्कूलों का भी औचक निरीक्षण किया और आबादी के अनुपात में स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने तालेड़ा पंचायत समिति के देलूंदा, सींता, मेहराणा, सुवांसा, जमीतपुरा, तीरथ तथा केशवरायपाटन पंचायत समिति के चड़ी, रडी, गुडली, ईश्वरनगर, इन्द्रपुरिया और केशवरायपाटन शहर का दौरा किया। इन्द्रपुरिया गांव में तालाब में फैली गंदगी देखकर भी मंत्री ने नाराजगी जताई और तालाब को शीघ्र स्वच्छ करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष कालू लाल जांगिड़ व भाजपा नेता मौजूद रहे निरीक्षण के दौरान मंत्री दिलावर हस्तीनापुर गांव और भीया गांव के पंचायत कार्यालयों में पहुंचे। यहां उन्होंने जनसुनवाई पंजिका का बारीकी से अवलोकन किया। रजिस्टर में शिकायत लेकर आने वाले आमजन के हस्ताक्षर नहीं मिलने पर उन्होंने निर्देश दिए कि नियमानुसार जनसुनवाई रजिस्टर में फरियादियों के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि जब तक आमजन की भागीदारी दर्ज नहीं होगी, तब तक जनसुनवाई की सार्थकता सिद्ध नहीं हो सकती। समस्याओं का समाधान कागजों के बजाय धरातल पर होना चाहिए।

आबादी के अनुपात में बढ़ाएं स्कूलों में नामांकन
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों की शैक्षिक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायतों की आबादी के अनुरूप स्कूलों में छात्र-छात्राओं के नामांकन में वृद्धि की जाए। शिक्षा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक कर अधिक से अधिक बच्चों को स्कूलों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि सरकारी स्कूलों के स्तर में और सुधार लाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान पंचायतीराज विभाग के अतिरिक्‍त मुख्‍य अभियंता मुकेश माहेश्‍वरी, अधीक्षण अभियंता संजय शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष कालूलाल जांगिड, योगेन्द्र श्रृंगी, कमल नामा, नरेन्द्र मीणा, विनोद मीणा आदि साथ रहें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *