वार्ड-13 उपचुनाव के लिए झज्जर प्रशासन अलर्ट:10 मई को वोटिंग, 13 मई को आएगा फैसला;निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान के लिए व्यापक प्रबंध

वार्ड-13 उपचुनाव के लिए झज्जर प्रशासन अलर्ट:10 मई को वोटिंग, 13 मई को आएगा फैसला;निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान के लिए व्यापक प्रबंध

झज्जर नगर परिषद वार्ड नंबर-13 में होने वाले उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। रविवार 10 मई को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराने का दावा करते हुए सुरक्षा से लेकर मतदान व्यवस्था तक व्यापक इंतजाम किए हैं। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट और सेक्टर सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धाराओं के तहत अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था पैदा न हो। उपचुनाव के लिए शहीद रमेश कुमार राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन की ओर से एसडीएम रवि मीणा को रिटर्निंग अधिकारी और नगराधीश रितु बंसीवाल को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। जरूरत पड़ने पर 12 मई को पुनर्मतदान कराया जाएगा, जबकि 13 मई की सुबह 8 बजे मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने वार्ड-13 क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश फैक्ट्रियों, दुकानों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य संस्थानों पर भी लागू रहेगा ताकि मतदाता बिना किसी बाधा के अपने वोट का इस्तेमाल कर सकें। उधर, चुनाव के मद्देनजर प्रशासन ने सख्ती भी बढ़ा दी है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, धारा-163 के तहत मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर रोक लगा दी गई है। साथ ही हथियार या घातक वस्तु लेकर चलने पर भी प्रतिबंध रहेगा। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। शनिवार को फाइनल रिहर्सल के दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी रितु बंसीवाल ने पोलिंग पार्टियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और वार्ड-13 के मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *