नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के युवा नेताओं को अपने-अपने प्रदेशों में पदयात्राएं निकाला चाहिए। इस तरह की यात्राओं से जनता के बीच जाने से राजनीतिक समझ बढ़ती है और जमीन की सच्चाई पता चलती है। उन्होंने कहा कि भले ही कितने ही चुनाव चोरी कर लो, लेकिन जनता के गुस्से के सामने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी टिक नहीं पाएंगे।
राहुल ने यह बातें हरियाणा के गुरुग्राम में चौधरी बृजेन्द्र सिंह की सद्भावना पद यात्रा के समापन सभा में कही। बृजेन्द्र ने करीब 7 महीने में हरियाणा की पदयात्रा की है। राहुल ने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकली भारत जोड़ो यात्रा और इस सद्भावना यात्रा की तरह हर प्रदेश में युवा नेताओं को लोगों के बीच जाना चाहिए। यात्रा भारतीय राजनीति और समाज की बड़ी परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकली भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लाखों लोग जुड़े और वहीं से नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान का नारा निकला। उन्होंने कहा कि हरियाणा में निकली सद्भाव यात्रा से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रूप से बड़ा फायदा होगा, क्योंकि उन्होंने सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं और सोच को समझा है।
राहुल ने बेरोजगारी को देश का सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि युवाओं को डिग्री तो मिल रही है, लेकिन रोजगार नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे और मझोले उद्योग कमजोर किए जा रहे हैं, जबकि बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
चुनाव को प्रभावित कर रही भाजपा
राहुल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बंगाल और असम में चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया। भाजपा ने चुनाव आयोग और प्रशासनिक तंत्र पर नियंत्रण बनाकर चुनाव चोरी का सिस्टम खड़ा कर लिया है।
कांग्रेस में बढ़ा गई सद्भावना
हरियाणा में कांग्रेस में जबरदस्त गुटबाजी मानी जाती है, लेकिन सद्भावना यात्रा के समापन मंच पर कांग्रेस में एकता देखने को मिली। एक दूसरे के विरोधी माने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा, कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, उदय भान जैसे नेता एक साथ नजर आए।


