Junk Food: नूडल्स, पिज्जा, बर्गर और अन्य जंक फूड का बढ़ता चलन अब किशोरों और युवाओं के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रहा है। शहर में तेजी से बदलती जीवनशैली और अनियमित खानपान के कारण लिवर और पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही है। विशेषज्ञों ने इसे खतरे का संकेत बताते हुए समय रहते सुधार की जरूरत पर जोर दिया है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में प्रतिदिन 20 से 25 ऐसे मरीज पहुंच रहे है, जो मोटापे से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित हैं। इनमें 10 से 12 मरीज 12 से 30 वर्ष आयु वर्ग के हैं।
लगातार बढ़ता स्क्रीन टाइम भी कारण
शुरुआती लक्षणों में वजन बढ़ना, सुस्ती, कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड का स्तर बढ़ना शामिल है। समय पर उपचार न मिलने और जीवनशैली में सुधार न होने पर यह स्थिति लिवर में सूजन, फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस तक पहुंच रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी हाल ही में लोगों से आहार में तेल का उपयोग 10 प्रतिशत तक कम करने की अपील की है, ताकि मोटापा और उससे जुड़ी बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सके। विशेषज्ञों के अनुसार अनियमित खानपान, शारीरिक गतिविधियों में कमी और लगातार बढ़ता स्क्रीन टाइम इसके प्रमुख कारण हैं। जंक फूड में अधिक मात्रा में शुगर, ट्रांस फैट और प्रोसेस्ड तत्व होते हैं।
मोटापा होने के ये हैं प्रमुख कारण
-अत्यधिक फास्ट फूड, जंक फूड और अस्वच्छ भोजन का सेवन
-मोबाइल और कंप्यूटर स्क्रीन पर अधिक समय बिताना
-शारीरिक गतिविधि और व्यायाम की कमी
-फाइबर युक्त संतुलित आहार का अभाव भी इसे बढ़ाता है
जानें क्या हैं बचाव के उपाय
-अंकुरित अनाज, फल और पौष्टिक भोजन का सेवन करें
-नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली अपनाएं
-जंक फूड और फास्ट फूड से दूरी बनाएं
-वजन को नियंत्रित रखें
कई केस आए सामने
शहर में कई गंभीर मामले सामने आ रहे हैं। शक्ति नगर के 25 वर्षीय युवक में लिवर में सूजन और फैटी लिवर के लक्षण पाए गए। वहीं गढ़ा के 28 वर्षीय युवक की फैटी लिवर और सिरोसिस के कारण मौत हो चुकी है। पचपेढ़ी की 16 वर्षीय किशोरी को जंक फूड के अत्यधिक सेवन के कारण आंतों की गंभीर बीमारी हुई, जिसके चलते उसके तीन ऑपरेशन हो चुके हैं।
फास्ट फूड के अधिक सेवन से बच्चों और युवाओं में मोटापा तेजी से बढ़ रहा है। यदि समय रहते खानपान और दिनचर्या में सुधार नहीं किया गया, तो लिवर रोग और पाचन तंत्र की गंभीर समस्याएं बढ़ती जाएंगी।- डॉ. पंकज असाटी, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट, मेडिकल कॉलेज


