हरियाणा के नारनौल में अमरपुर जौरासी स्थित एक माइनिंग साइट पर कुछ युवकों द्वारा हमला कर संचालक और कर्मचारियों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने साइट पर पहुंचकर मशीनरी और वाहनों में तोड़फोड़ की तथा संचालक के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सतनाली बास निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी अमरपुर जौरासी में माइनिंग साइट है, जो वर्ष 2032 तक लीज पर ली गई है। उन्होंने बताया कि करीब तीन-चार महीने पहले विक्रम नामक युवक को डंपर चालक के रूप में रखा गया था, लेकिन गलत गतिविधियों के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया। जान से मारने की दी थी धमकी आरोप है कि नौकरी से हटाने के दौरान विक्रम ने जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत के अनुसार 6 मई की सुबह करीब साढ़े 10 बजे विक्रम, मनीष और उनके अन्य साथी चार बाइकों पर सवार होकर माइनिंग साइट पर पहुंचे। आरोपियों ने पहले कार्यालय में घुसने का प्रयास किया और बाद में पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। वाहनों में की गई तोड़फोड़ इसके बाद मशीनों और वाहनों में तोड़फोड़ की गई तथा अनिल कुमार के साथ मारपीट की गई। इस दौरान उनकी सोने की चेन भी गायब हो गई। अनिल कुमार ने बताया कि स्टाफ के विजय, आजाद और राजेश ने बीच-बचाव कर उन्हें आरोपियों से छुड़वाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी दोबारा साइट पर काम करने पर गोली मारने की धमकी देकर गए। पुलिस ने किया मामला दर्ज घटना के बाद घायल अनिल कुमार को उपचार के लिए नारनौल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


