मंत्री बेदी ने हड़ताल पर बैठे कर्मियों से की मुलाकात:नरवाना नगर परिषद में पहुंचे; सीएम तक मांगें पहुंचाने का दिया आश्वासन

मंत्री बेदी ने हड़ताल पर बैठे कर्मियों से की मुलाकात:नरवाना नगर परिषद में पहुंचे; सीएम तक मांगें पहुंचाने का दिया आश्वासन

हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी आज जींद जिले के नरवाना नगर परिषद पहुंचे। यहां उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेने से पहले धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी। मंत्री बेदी ने धरने पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप अपनी राज्य स्तरीय मांगों की सूची मुझे दें। मैं सरकार का मंत्री हूं और आपकी बात मुख्यमंत्री तक मजबूती से रखूंगा। SDM समेत अन्य अधिकारी रहे मौजूद मंत्री के इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों में कुछ उम्मीद दिखाई दी। इस दौरान नगर परिषद के अधिकारियों सहित एसडीएम और अन्य उच्च अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार, हरियाणा स्तर पर चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर नरवाना शहर में भी स्पष्ट रूप से दिख रहा है। पिछले कई दिनों से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है, जिससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। शहर में सफाई व्यवस्था चरमराई शहरवासियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था चरमराने से गंदगी और बदबू बढ़ रही है। जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। धरनारत कर्मचारियों से मिलने के बाद मंत्री ने नगर परिषद में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी ली। बैठक में शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट अधिकारियों से मांगी गई। मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता से जुड़े काम तय समय पर पूरे होने चाहिए। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और मंत्री के आश्वासन के बाद अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर क्या फैसला लेती है। फिलहाल शहरवासी सफाई व्यवस्था बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *