इंदौर में नगर निगम ने शुक्रवार को एमआर-4 रोड पर बड़ी रिमूवल कार्रवाई करते हुए दो फैक्ट्रियों के अवैध हिस्सों को तोड़ दिया। निगम अधिकारियों के मुताबिक ये हिस्से प्रस्तावित सड़क निर्माण में बाधक बन रहे थे। कई बार नोटिस देने के बावजूद निर्माण नहीं हटाए जाने पर कार्रवाई की गई। नगर निगम का अमला सुबह भारी मशीनरी के साथ एमआर-4 रोड पहुंचा। यहां दिवाकर कॉपी हाउस और विंध्या इंटरप्राइजेस की बिल्डिंग के अवैध हिस्सों को तोड़ा गया। झोन क्रमांक-4 के भवन अधिकारी आशीष राठौर ने बताया कि दिवाकर कॉपी हाउस का करीब 16 मीटर हिस्सा हटाया गया, जबकि विंध्या इंटरप्राइजेस का लगभग 10 मीटर हिस्सा तोड़ने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम दो पोकलेन और दो जेसीबी मशीन लेकर पहुंची थी। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई में अवैध निर्माण हटाए गए। भवन अधिकारी राठौर के मुताबिक इंदौर मास्टर प्लान-2021 में एमआर-4 रोड की चौड़ाई 45 मीटर प्रस्तावित है। सड़क निर्माण कार्य में ये दोनों निर्माण बाधक बन रहे थे। मामला वर्ष 2022 से लंबित था और संबंधित पक्षों को स्टे मिला हुआ था। दिसंबर 2025 में स्टे समाप्त होने के बाद निगम ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर व्यवस्था संभाली। निगम अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई से पहले संबंधित पक्षों को अवैध हिस्से हटाने के लिए नोटिस भी दिए गए थे। तस्वीरों में देखिए नगर निगम की कार्रवाई


