औरैया के दिबियापुर में स्टेशन रोड स्थित अभिषेक इलेक्ट्रॉनिक्स की थोक दुकान में बुधवार तड़के आग लग गई। इस घटना में दुकान का 30 लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। दुकान के मालिक अभिषेक शर्मा ने बताया कि उनकी दुकान में बिजली फिटिंग का थोक व्यापार होता था। आग के कारण एलईडी, वायर, एमसीबी और पैनल सहित लगभग 30 लाख रुपये से अधिक का सामान नष्ट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 3 बजे दुकान के शटर से धुआं निकलता देखा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर स्टेशन को सूचना दी। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय व्यापार मंडल के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। व्यापारियों ने प्रशासन से पीड़ित व्यवसायी को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फायर विभाग की रिपोर्ट मिलने के बाद बीमा क्लेम की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। पीड़ित व्यापारी अभिषेक शर्मा ने कहा, “मेरी जिंदगी भर की कमाई जलकर खाक हो गई है। मैं प्रशासन से मदद की अपील करता हूं।”


