देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने गुरुवार को सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागवार लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा की और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस कार्रवाई के तहत, उदयनगर के पटवारी पूनमचंद देवड़ा को सीमांकन संबंधी शिकायत का एक वर्ष से अधिक समय तक निराकरण न करने पर निलंबित करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह, ग्राम खारिया के सचिव छोटेलाल चौहान को एक साल से अधिक समय से आधार कार्ड अपडेट न करने की शिकायत पर निलंबित करने के आदेश दिए गए। इसके अतिरिक्त, नगर परिषद सतवास के प्रभारी फकरूद्दीन शाह, डीसीसीबी बैंक भौंरासा के बैंक मैनेजर नेपाल सिंह शर्मा और बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सीएमओ, जेएसओ की वेतन वृद्धि रोकी
कलेक्टर ने नेमावर सीएमओ आनंदीलाल वर्मा, प्रभारी कमलेश यादव, जेएसओ स्वाति मशराम और पीएम आवास योजना प्रभारी मनीषा सोलंकी की दो-दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। वहीं, गीतिका सोनी, दीपक मुजाल्दे और भानसिंह राय की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के आदेश भी दिए गए। पीएम आवास योजना की पीओ रंजना जोशी का सात दिन और सोनकच्छ जनपद के बीपीओ कैलाश इवने का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान कलेक्टर ने शिकायतकर्ताओं को सीधे कॉल कर निराकरण की स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे एल-1 स्तर से दर्ज किए जा रहे जवाबों की स्वयं जांच करें और बिना ठोस निराकरण के जवाब अपलोड न किए जाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों से सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समय सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।


