बहादुरगढ़ में पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत का जश्न में जोर-शोर से मनाया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता दिनेश कौशिक के नेतृत्व में विजय जुलूस निकालकर खुशी जताई। जुलूस की शुरुआत पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से हुई, जो शहर के मुख्य बाजारों से होता हुआ लाल चौक तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया गया। भाजपा समर्थकों ने पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की। इस मौके पर दिनेश कौशिक ने कहा कि भाजपा की जीत से पूरे देश में खुशी की लहर है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में मिली जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी भाजपा को और मजबूत करने के लिए युवाओं को पार्टी से जोड़ा जाएगा। साथ ही भरोसा जताया कि आने वाले चुनावों में भी प्रधानमंत्री का प्रभाव इसी तरह बना रहेगा।


