उन्नाव के गंगाघाट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में मोपेड सवार महिला की मौत हो गई। इस दुर्घटना में महिला का पति मामूली रूप से घायल हो गया। दंपती घरेलू गैस सिलेंडर लेने जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार वैन ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। मृतका की पहचान आर पी नगर शुक्लागंज निवासी गीता वर्मा (55) पत्नी पवन वर्मा के रूप में हुई है। उनके पति पवन वर्मा कानपुर केसा में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे पवन वर्मा अपनी पत्नी गीता के साथ मोपेड से जा रहे थे।
गजिया खेड़ा के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार वैन ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गीता वर्मा उछलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरीं और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पवन वर्मा को भी मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल पवन वर्मा को उपचार दिलाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर गंगाघाट अजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वैन चालक की तलाश कर रही है। इस हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।


