नर्मदापुरम में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस अभिरक्षा में ले जाए जा रहे दो आरोपी हथकड़ी छुड़ाकर चलती गाड़ी से कूद गए। पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। घटना के 18 घंटे बाद भी पुलिस उसे पकड़ नहीं पाई है। जानकारी के अनुसार आरोपी प्रशांत बाईया और महेंद्र मेहरा, दोनों फेफरताल के निवासी हैं। सोमवार रात को पवारखेड़ा मंदिर चोरी मामले में गिरफ्तार किए गए थे। रात करीब 2 बजे पुलिस दोनों को मेडिकल के लिए ले जा रही थी। देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे के अनुसार, दोनों आरोपियों के हाथ में हथकड़ी लगी थी। इसी दौरान टैक्सी स्टैंड के पास उन्होंने हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और चलती गाड़ी से कूदकर भागने लगे। एक पकड़ा, दूसरा स्टेशन की ओर भागा गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत नीचे उतरे और एक आरोपी महेंद्र को पकड़ लिया, लेकिन दूसरा आरोपी प्रशांत रेलवे स्टेशन की ओर भाग गया। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। घटना के 18 घंटे बीत जाने के बाद भी फरार आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका है। कोतवाली थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों पर पहले से मारपीट, अवैध शराब और तस्करी जैसे मामले दर्ज हैं। फिलहाल कोतवाली और देहात थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।


