संभल में दिनदहाड़े एक घर से 10 लाख रुपये से अधिक की चोरी का मामला सामने आया है। परिवार शादी में शामिल होने के लिए घर पर ताला लगाकर गया था। शाम को लौटने पर उन्हें घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। यह घटना संभल जनपद के थाना हयातनगर क्षेत्र के सरायतरीन कस्बे के मोहल्ला कोटला में हुई। इकबाल पुत्र अब्दुल बशीर अपने परिवार के साथ अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए घर पर ताला लगाकर गए थे। मंगलवार शाम लगभग 7 बजे जब वे घर लौटे, तो कमरों में सारा सामान बिखरा हुआ पाया। मकान मालिक इकबाल के अनुसार, चोर 70,000 रुपये नकद, 20 जोड़ी कपड़े, आधा किलो चांदी, 10 झूमर, सोने की बिंदिया, तांबे के बर्तन और 20 चेन चुरा ले गए। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सरायतरीन चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। इकबाल ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी ने घर के अंदर बिखरा हुआ सामान देखकर उन्हें चोरी होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके साले की शादी थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र की नगर पंचायत सिरसी कस्बे में थी। थाना प्रभारी संजीव बालियान ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। सरायतरीन पुलिस चौकी प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवार की ओर से शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


