बैतूल जिले के मोहदा थाना क्षेत्र में देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में 90 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। ट्रॉली में करीब 35 महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सवार थे। सभी लोग गुप्तवाड़ा में पूजा-अर्चना कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे खेरा-कुनखेरी हनुमान मंदिर के पास हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज मोड़ पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और मोहदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। 13 घायलों को जिला अस्पताल किया रेफर
डायल 112 के पायलट गोविंद बिल्लोरे, प्रधान आरक्षक सचिन माहोरे और एसआई रामस्वरूप रघुवंशी ने घायलों को तत्काल भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। कुछ घायलों को निजी वाहनों की मदद से भी अस्पताल ले जाया गया। रात 2 बजे तक 13 गंभीर घायलों को बैतूल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त डॉक्टरों की गई व्यवस्था
घटना की गंभीरता को देखते हुए बैतूल जिला अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए अतिरिक्त डॉक्टरों की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने बताया कि हादसे में भोडिलावा निवासी 90 वर्षीय बुकला की मौत हुई है। मृतक का पोस्टमार्टम भीमपुर में कराया जाएगा। अन्य घायलों का इलाज भीमपुर में किया जा रहा है। हादसे में ये लोग हुए घायल
हादसे में भोडिलावा निवासी कृष्णा (14), रामबाई (50), कोटमी निवासी बीसराम (50) और गोलाई निवासी ईश्वर (24) घायल हुए हैं। इनके अलावा फुलवती (3), जयश्री (30), कली (30), अर्जुन (25), उर्मिला (30), रेखा (30), शिवराम (40), तुलसीराम (28) और लोधी (60) को भी चोटें आई हैं। किसी को फ्रैक्चर तो किसी को अंदरूनी चोटें लगी हैं। देखिए तस्वीरें…


