ललितपुर जिले में सोमवार रात करीब 9 बजे आई तेज आंधी और बारिश के कारण बड़े पैमाने पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते शहर के कई मोहल्लों सहित 50 से अधिक गांवों में रात भर बिजली गुल रही। ललितपुर शहर के चांदमारी, घुसियाना, सिविल लाइन, महावीरपुर, आजादपुर और गांधी नगर जैसे दस से अधिक मोहल्लों में कई घंटों तक बिजली नहीं आई। मंगलवार सुबह तक भी कई इलाकों में आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
इसी तरह, महरौनी कस्बे और किसरदा सहित अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में भी विद्युत आपूर्ति ठप रही। नगर क्षेत्र के सरदारपुर में आधे मोहल्ले और नई तहसील के पास सदनशाह के आसपास भी रात भर बिजली बाधित रही। विद्युत आपूर्ति न होने से लोगों को रात भर अंधेरे में रहना पड़ा। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी रात भर फाल्ट सुधारने में जुटे रहे ताकि निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। एक अवर अभियंता ने विद्युत सब-स्टेशन का निरीक्षण भी किया।


