हमीरपुर में खनिज और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सदर कोतवाली क्षेत्र के डिग्गी इलाके में नेशनल हाईवे-34 पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने 8 ट्रकों को पकड़ा, जिनमें से 6 से जुर्माना वसूला गया जबकि दो को पुलिस के सुपुर्द किया गया। इस कार्यवाही से ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई के दौरान 6 ट्रक चालक चेकिंग की भनक लगते ही हाईवे छोड़कर पास के गांव में घुस गए थे, लेकिन संयुक्त टीम ने तलाश कर उन्हें पकड़ लिया और जुर्माना लगाया। वहीं 2 ट्रक ओवरलोड पाए गए और उनके पास कोई वैध प्रपत्र नहीं था, जिन्हें कब्जे में लेकर कुछेछा पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया। देखें, 2 तस्वीरें… यह अभियान पीटीओ चंदन पाण्डेय और खनिज विभाग के इंस्पेक्टर की अगुवाई में चलाया गया। गौरतलब है कि हमीरपुर से रोजाना सैकड़ों ट्रक मौरम और गिट्टी लेकर गुजरते हैं, जिनमें कई ओवरलोड होते हैं और बिना रॉयल्टी के चलते हैं। इससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान होता है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के सख्त निर्देशों के बाद खनिज और परिवहन विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं और राजस्व चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।


