अलवर। अमन और हमारा इतने दिन का ही साथ था। वह बहुत होनहार था, महज 25 साल की उम्र में पहले ही प्रयास में जज बन गया। अभी उसकी 30 साल की नौकरी थी। मगर भगवान को यही मंजूर था। दिल्ली में आत्महत्या करने वाले अलवर निवासी जज अमन शर्मा के पिता प्रेम कुमार शर्मा यह बातें बताते हुए रो पड़े। उन्हें क्या पता था कि जवान बेटे को अपने हाथों से इस तरह विदाई देनी पड़ेगी।
अमन के आत्महत्या के कारणों के बारे में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। बोले-अब बताकर क्या होगा। बेटा तो गया। यह जरूर बोले कि जो दोषी है, उन्हें छोडूंगा नहीं, उनका इलाज करूंगा। घटना के बाद पिता प्रेम कुमार शर्मा ने दिल्ली पुलिस को रिपोर्ट दी है। जिसकी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि अमन कडकड़डूमा कोर्ट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में सचिव के पद पर तैनात थे। अमन दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में पत्नी के साथ रहते थे। उनके दो बच्चे हैं। इससे पहले सुबह तीजकी श्मशान घाट में अमन की अंत्येष्टि हुई। इसमें कई जज शामिल हुए। अमन का मूल गांव तिजारा का मुंडाना है। उनका परिवार हसन खां मेवात नगर में रहता है।
छोटा भाई अभी अस्वस्थ
अमन की एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि उसका छोटा भाई लॉ पढ़ रहा है, लेकिन उसका एक्सीडेंट हो गया था। वह रिकवर कर रहा है, लेकिन अभी पूर्णतया स्वस्थ नहीं हो पाया है।
पिता के साथ किया दुर्व्यवहार, सहन नहीं कर सका अमन
अमन की बहन के ससुर राजेश ने बताया कि पारिवारिक कलह से परेशान होकर अमन से आत्महत्या की है। अमन और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस पर उन्होंने बाथरूम में जाकर एक मई की रात आत्महत्या कर ली थी। पिछले दो महीने से वह मानसिक तनाव में था। आत्महत्या से एक दिन पहले पिता को फोन किया और कहा कि यह मेरी आखिरी कॉल है। इसके बाद पिता खुद ही गाड़ी चलाकर दिल्ली पहुंचे। इस दौरान उसके पिता के साथ पत्नी ने दुर्व्यवहार किया और वह सहन नहीं कर सका।
ट्रेनिंग के दौरान हुआ प्यार
अमन ने वर्ष 2021 में लव मैरिज की थी। दोनों का दिल्ली न्यायिक सेवा में चयन हुआ था और ट्रेनिंग के दौरान ही दोनों को प्यार हुआ। उनकी पत्नी न्यायिक अधिकारी हैं और सोनीपत की रहने वाली हैं। उनकी साली आइएएस अधिकारी हैं और जम्मू में तैनात हैं।
पत्नी, बच्चे और ससुराल से कोई नहीं आया
अमन की अंत्येष्टि से ससुराल पक्ष से कोई शामिल नहीं हुआ। उसकी पत्नी, बच्चे भी नहीं आए। राजेश ने बताया कि उसकी पत्नी की कुछ महीने पहले ही डिलीवरी हुई थी।


