मऊ के नए डीएम बने GDA के उपाध्यक्ष आनंद वर्धन:प्रवीण मिश्रा का तबादला, विशेष सचिव समाज कल्याण की जिम्मेदारी मिली

उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मऊ जनपद को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष रहे आईएएस आनंद वर्धन को मऊ की कमान सौंपी गई है। वर्तमान जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा का तबादला प्रदेश मुख्यालय कर दिया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 2017 बैच के आईएएस अधिकारी आनंद वर्धन मऊ के नए जिलाधिकारी होंगे। इससे पहले वे 6 सितंबर 2023 से गोरखपुर विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) के रूप में भी सेवाएं दी हैं। वहीं, मऊ के जिलाधिकारी रहे 2012 बैच के आईएएस प्रवीण मिश्रा का तबादला प्रदेश मुख्यालय में विशेष सचिव, समाज कल्याण विभाग एवं अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के पद पर किया गया है। प्रवीण मिश्रा ने जनवरी 2024 के अंत में मऊ के जिलाधिकारी का कार्यभार संभाला था। इससे पूर्व वे बिजनौर में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) और नमामि गंगे परियोजना से भी जुड़े रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रवीण मिश्रा के कार्यकाल के दौरान मऊ में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठे थे। विकास कार्यों में अपेक्षित गति और निगरानी की कमी को लेकर चर्चाएं रहीं। राजस्व मामलों के निस्तारण और जनसुनवाई में सुस्ती के कारण आमजन में असंतोष देखा गया। तमसा नदी की सफाई और अन्य विकास परियोजनाओं में भी अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आ सके थे। बताया जा रहा है कि शासन स्तर पर उनके कार्यों को लेकर फीडबैक लिया गया था, जिसके बाद यह प्रशासनिक बदलाव किया गया। हालांकि स्थानीय स्तर पर कोई बड़ा विरोध नहीं हुआ, लेकिन आंतरिक रिपोर्टों और शिकायतों के आधार पर यह निर्णय लिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *