NRI महिला की करोड़ों की संपत्ति पर रिश्तेदारों ने जमाया कब्जा, FIR दर्ज

लंदन में परिवार के साथ रह रही एक महिला की पैतृक संपत्ति पर फुफेरे भाई द्वारा कब्जा करने और करीब 40 लाख रुपये की नकदी व जेवर हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी भाई और उसकी पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के चूड़ी गली निवासी शिकायतकर्ता अतिया मुनीर ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शादी के बाद वह लंदन में स्थायी रूप से रहने लगी थीं। पिता के इंतकाल के बाद उन्होंने जहानाबाद थाना क्षेत्र निवासी फुफेरे भाई अरशद जिया और उसकी पत्नी शबनम को अपनी संपत्ति की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी थी।अतिया मुनीर के अनुसार, चूड़ी गली और कटरा अब्दुलगनी स्थित पैतृक मकान तथा तीन दुकानें किराए पर चल रही थीं। मकान व दुकानों की मरम्मत के लिए उन्होंने विभिन्न तिथियों पर कुल सात लाख 29 हजार रुपये अरशद जिया के बैंक खाते में भेजे थे।

शिकायत के मुताबिक, अतिया मुनीर 12 अक्तूबर 2024 को लंदन से अपने घर लौटीं तो पाया कि मकान में कोई मरम्मत कार्य नहीं हुआ था और मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। ताला तोड़कर अंदर जाने पर अलमारी से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के पैतृक गहने गायब मिले। साथ ही दुकानों से मिलने वाले किराए का हिसाब भी नहीं दिया गया।

अतिया का आरोप है कि जब उन्होंने फोन पर अरशद से इस संबंध में पूछताछ की तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने दुकानों का पिछले पांच वर्ष का किराया लगभग 33 लाख रुपये भी हड़प लिया है। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मकान खोलने पर झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की चेतावनी दी। लगातार मिल रही धमकियों और दहशत के कारण अतिया मुनीर 29 अक्तूबर 2024 को वापस लंदन लौट गई थीं। अब वह दोबारा भारत लौटी हैं और उन्होंने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई।

इस मामले में सदर कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि पीड़िता अतिया मुनीर की तहरीर के आधार पर आरोपी अरशद जिया और उसकी पत्नी शबनम के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। बैंक लेन-देन और किरायेदारी के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *