हनुमानगढ़। जिले में अवैध हथियारों और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोलूवाला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लखासर गांव निवासी रवीन बिश्नोई को उसके घर से दबिश देकर पकड़ा और उसके कब्जे से दो देशी पिस्टल व छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में 315 बोर और 12 बोर की पिस्टल शामिल हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी तेजवंत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी के घर पर दबिश दी और तलाशी के दौरान हथियार व कारतूस बरामद कर उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस पूछताछ में जुटी
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने ये हथियार कहां से हासिल किए और इन्हें किस उद्देश्य से अपने पास रखा हुआ था। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हो सकता था। इस पूरे मामले में हथियार सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, ताकि अवैध हथियारों की सप्लाई पर रोक लगाई जा सके।
हत्याकांड में शामिल था आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रवीन बिश्नोई का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2014 में संगरिया कस्बे में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया था। उस मामले में आपसी रंजिश के चलते दो लोगों की गोली मारकर हत्या की गई थी, जिसके बाद आरोपी करीब आठ साल तक न्यायिक अभिरक्षा में रहा।
कार्रवाई में ये लोग रहे शामिल
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तेजवंत सिंह के साथ कैंचियां चौकी प्रभारी उप निरीक्षक लालबहादुर चंद्र, सहायक उप निरीक्षक रामपाल, हेड कांस्टेबल शंकर लाल सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


