बैतूल जिले के भीमपुर ब्लॉक स्थित ग्राम बर्राढाना (पंचायत बाशिंदा) में शनिवार को हुई आग लगने की घटना के बाद राहत कार्य जारी हैं। इस घटना में 24 से 25 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। कई परिवारों के पास पहनने के कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। घटना के बाद प्रशासन, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन राहत कार्यों में सक्रिय हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने 24 प्रभावित परिवारों को तत्काल 10-10 हजार रुपए की नकद राहत राशि वितरित की। खंडेलवाल ने आश्वासन दिया कि बैतूल और भैंसदेही विधायकों की स्वेच्छानुदान निधि से प्रत्येक परिवार को 20-20 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरबीसी 6-4 के तहत भी शासन की ओर से आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा कर अतिरिक्त सहायता का भरोसा दिलाया है। कलेक्टर और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा
राहत कार्यों के दौरान कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। उन्होंने नुकसान का आकलन कर शीघ्र सहायता वितरण के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है। दूसरी ओर, कांग्रेस नेता निलय विनोद डागा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायक धरमूसिंह सिरसाम और आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम के साथ मिलकर पीड़ितों को राशन सामग्री वितरित कर तात्कालिक मदद पहुंचाई। स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे मकान, अनाज और घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यदि समय पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होते तो नुकसान कम हो सकता था। वर्तमान में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से राहत कार्य जारी हैं। प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आर्थिक सहायता को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि वे जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।


