ग्वालियर में कांग्रेस पार्षद शकील मंसूरी पर जानलेवा हमला:बाबा कपूर के उर्स में DJ बंद कराने पर हुई कहासुनी, घेरकर किया हमला

ग्वालियर में कांग्रेस पार्षद शकील मंसूरी पर जानलेवा हमला:बाबा कपूर के उर्स में DJ बंद कराने पर हुई कहासुनी, घेरकर किया हमला

ग्वालियर में कांग्रेस पार्षद व एफआईसी सदस्य शकील मंसूरी पर हमला हो गया। लोहे के सरियों, पत्थर से उनका सिर फोड़ दिया है। सिर में आठ टांके आए हैं। पार्षद और उनके भाई को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। घटना रविवार दोपहर बाबा कपूर की दरगाह की है। कांग्रेस पार्षद के कातिलाना हमला करने वाले बदमाश घटना के बाद से फरार हैं। इस हमले की वजह शनिवार को बाबा कपूर के उर्स समारोह से जुड़ी है। उर्स में हमलावर पक्ष डीजे पर अश्लील गाने बजा रहे थे। जिसे कांग्रेस पार्षद और उनके एडवोकेट भाई ने बंद कराया था। उस समय तो कहासुनी को शांत करा दिया गया था, लेकिन हमलावर सुबह से हमले की ताक में बैठे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। DJ पर अश्लील गाने बजाने से रोका बाबा कपूर की दरगाह पर शनिवार को बाबा कपूर का उर्स मनाया जा रहा था। जिसमें DJ साउंड भी लगा हुआ था। दरगाह पर आने वालों के लिए प्रसादी का वितरण भी हो रहा था। रात 9 बजे के लगभग आसपास रहने वाले अरमान खान, फिरोज व उनके चार से पांच अन्य साथियों ने DJ पर अश्लील व फिल्मी गाने बजाने शुरू कर दिए। जिस पर उर्स की व्यवस्था संभाल रहे कांग्रेस पार्षद शकील मंसूरी ने DJ साउंड बंद करा दिया था। इसके बाद वह प्रसाद वितरण में लग गए। कुछ देर बाद इन्हीं लड़कों ने फिर से DJ पर अश्लील गाने बजाने लगे। इस बार कांग्रेस पार्षद का चचेरा भाई एडवोकेट इमरान खान ने विरोध किया और DJ साउंड बंद करा दिया। साथ ही DIAL 112 को बुला लिया। जिस पर सभी लड़के उस समय तो शांति से चले गए। पर उन्होंने मन में रंजिश पाल ली थी।
घेराबंदी कर किया हमला, बेरहमी से पीटा प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार के विवाद को लेकर रविवार को हमलावरों ने योजनाबद्ध तरीके से पार्षद और उसके चचेरे भाई को निशाना बनाया। जब पार्षद का भाई एडवोकेट इमरान दरगाह स्थित अपना ऑफिस खोल रहा था तभी अरमान, फिरोज समेत अन्य ने उस पर हमला कर दिया। कांग्रेस पार्षद शकील पहुंचा तो उस पर भी हमलावर टूट पड़े। हमलावरों ने पार्षद का सिर फोड़ दिया। आसपास लोगों ने किसी तरह उनको बचाया। गंभीर हालत में हॉस्पिटल पहुंचाया है। पार्षद गंभीर रूप से घायल हैं। पार्षद के सिर में 8 टांके आए हैं और उनको ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। समर्थकों में आक्रोश, थाने का घेराव हमले की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्षद के समर्थक इकट्ठा हो गए। समर्थकों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोश जताया है। क्षेत्र में स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हमलावरों की तलाश में दबिशें देना शुरू कर दिया है। टीआई ग्वालियर थाना प्रशांत शर्मा ने बताया उर्स के दौरान हुए विवाद की बात सामने आई है। पार्षद की शिकायत पर मामला दर्ज किया जा रहा है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *