Good News: 3 करोड़ की लागत से अरावली की गोद में बनेगा आध्यात्मिक केंद्र, राजस्थान के इस शहर को मिली विशेष सौगात

Good News: 3 करोड़ की लागत से अरावली की गोद में बनेगा आध्यात्मिक केंद्र, राजस्थान के इस शहर को मिली विशेष सौगात

spiritual center: अजमेर. अरावली पर्वतमाला की शांत व सुरम्य वादियों में स्थित विवेकानंद पार्क को अब एक आधुनिक आध्यात्मिक, योग और ध्यान केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा बजट में घोषित इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 3 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके पूरा होने के बाद यह स्थल न केवल शहरवासियों बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विवेकानंद पार्क का निरीक्षण कर प्रस्तावित परियोजना स्थल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना अजमेर शहर के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

देवनानी ने बताया कि अरावली की तलहटी में फैली हरियाली और प्राकृतिक शांति के बीच विकसित होने वाला यह केंद्र ध्यान, योग और आध्यात्मिक साधना के लिए अत्यंत उपयुक्त रहेगा। यहां आने वाले लोग प्राकृतिक वातावरण में मेडिटेशन कर सकेंगे, जिससे मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।

पार्क में होंगी कई आधुनिक सुविधाएं विकसित

परियोजना के तहत पार्क में कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें एक भव्य बहुउद्देश्यीय हॉल, विशेष मेडिटेशन हॉल, योग हॉल, सेमीनार कक्ष, आकर्षक फव्वारे और व्यापक वृक्षारोपण शामिल हैं। यह केंद्र योग शिविरों, ध्यान सत्रों, आध्यात्मिक कार्यशालाओं और विभिन्न सेमीनारों के आयोजन के लिए आदर्श स्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।

पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

यह पहल अजमेर को योग, अध्यात्म और ध्यान गतिविधियों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। इससे न केवल स्थानीय लोगों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद अजमेर का यह क्षेत्र आध्यात्मिक अनुभव और प्राकृतिक सुकून का अनूठा संगम बन जाएगा, जो शहर की सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *