अमेठी में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रायबरेली रोड स्थित मंगौली गांव के पास आज दोपहर करीब 11:30 बजे एक तेज रफ्तार डम्फर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डम्फर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी डम्फर चालक को बाद में हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। 3 तस्वीरें देखिए… मृतक की पहचान पंकज उपाध्याय पुत्र सत्य प्रकाश उपाध्याय के रूप में हुई है। वह सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के गिरिजा मोड़, पोस्ट रैचा का निवासी था। घटना को लेकर थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।शव को कब्जे में लेकर अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।


