बिहार में प्री-मानसून बारिश के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। इस बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं कई जगहों पर यह आफत बनकर सामने आई है। राज्य में अलग-अलग घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल भी हुए हैं। सबसे अधिक नुकसान मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेतिया और दरभंगा जिलों में देखने को मिला है। इन सात जिलों में कुल सात लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
कैसा रहेगा आज मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज (शुक्रवार) बिहार के अधिकांश जिलों में बारिश होने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक कई क्षेत्रों में बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया समेत कई जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को राजधानी पटना सहित कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी दर्ज की गई।
आंधी बारिश से 11 लोगों की मौत
आंधी-बारिश के कारण गुरुवार को उत्तर और पूर्वी बिहार में कई लोगों की मौत हो गई। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेतिया और दरभंगा समेत सात जिलों में कुल सात लोगों की मौत की सूचना है।
सारण के सिसवा में तेज हवा में उड़कर आए टीन शेड की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। छपरा के मशरक में तेज बारिश के दौरान दीवार गिरने से दो महिलाएं मलबे में दब गईं। सुपौल में पेड़ गिरने से 80 वर्षीय बुजुर्ग की दबकर मौत हो गई। बक्सर में झोपड़ी पर पेड़ गिरने से एक वृद्ध की जान चली गई। वहीं औरंगाबाद में वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसी बीच सारण में आंधी के कारण डायल 112 की गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें गाड़ी में सवार चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।


