CG Board Result 2026: 98.83% के साथ सेकेंड टॉपर रिया को डिप्टी CM शर्मा ने दी बधाई, डॉक्टर बनने का सपना, जानें सफलता का राज

CG Board Result 2026: 98.83% के साथ सेकेंड टॉपर रिया को डिप्टी CM शर्मा ने दी बधाई, डॉक्टर बनने का सपना, जानें सफलता का राज

CG Board Result 2026: कवर्धा की रहने वाली रिया केशरवानी ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 10वीं की परीक्षा में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। रिया ने 600 में से 593 अंक प्राप्त कर 98.83 प्रतिशत के साथ प्रदेश की मेरिट सूची में द्वितीय स्थान हासिल किया है।

CG Board Result 2026: डॉक्टर बनना चाहती है रिया

रिया ने टॉप टेन में जगह बनाकर जिले सहित अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। रिया आगे साइंस विषय की पढ़ाई कर डॉक्टर बनना चाहती है। वह नीट की भी तैयारी करेगी। रिया स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल कवर्धा की छात्रा है। उसने केवल गणित विषय के लिए निजी कोचिंग ली, बाकी विषयों की पढ़ाई अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में पूरी की है। रिया के पिता प्रकाश केशरवानी शिक्षक हैं जबकि उनकी माता गृहिणी हैं।

जानें सफलता का राज

रिया ने बताया कि उसने कड़ी मेहनत की थी। वह सुबह उठकर पढ़ाई करती थी और हर विषय की अच्छे से तैयारी की थी। उसके पिता जो स्वयं शिक्षक हैं उसे हमेशा पढ़ाई के लिए प्रेरित करते रहे जिससे उसे काफी सहायता मिली। वे शुरू से ही रिया का मार्गदर्शन करते रहे हैं। रिया की मां सरिता भी उसे पढ़ाई के लिए हर संभव मदद करती थीं।

रिया ने बताया कि घर के सारे काम उसकी मां ही संभाल लेती थीं, जिससे रिया को पढ़ाई, कोचिंग और तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलता था। वह बाहर ज्यादा घूमने-फिरने नहीं जाती थी और शादी-ब्याह जैसे कार्यक्रमों में जाने से भी बचती थी ताकि स्कूल से अनुपस्थित न रहना पड़े।

मोबाइल से दूरी

रिया की मां सरिता केशरवानी ने बताया कि रिया पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देती रही है। वह टीवी, मोबाइल और खेलकूद पर कम समय बिताती थी। जितना भी समय मिलता पढ़ाई पर ही फोकस करती थी, जिसका परिणाम आज सामने है। प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त करना बेहद गौरव का क्षण है। उसने इस सफलता से न केवल अपने माता-पिता, गुरुजनों और स्कूल का नाम रोशन किया, बल्कि जिले को भी गौरवान्वित किया है।

डिप्टी सीएम शर्मा ने दी बधाई

उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा की होनहार छात्रा रिया केशरवानी को प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर दूरभाष के माध्यम से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रिया की इस उत्कृष्ट उपलब्धि को पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बताया। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने छात्रा रिया केशरवानी के साथ-साथ उनके माता-पिता, परिजनों, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी इस सफ लता के लिए बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *