अजमेर में आगरा फोर्ट ट्रेन से एक हादसा सामने आया है।सीआरपीएफ ब्रिज के पास चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में 14 साल का एक किशोर हादसे का शिकार हो गया। पैर फिसलने के कारण वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका बायां पैर घुटने के नीचे से कट गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल किशोर को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे, वहीं जीआरपी पुलिस ने भी मौके और अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। जीआरपी थाने के एएसआई हीरालाल ने बताया कि घायल की पहचान प्रयागराज (14) पुत्र उमेश कुमार के रूप में हुई है। वह अपने तीन दोस्तों के साथ जयपुर घूमने गया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चलती ट्रेन से उतरते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गया। किशोर का अस्पताल में इलाज जारी है। एएसआई के अनुसार मामले की सूचना आरपीएफ को ऑन ड्यूटी टीटी द्वारा दी गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


