मैहर जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। रविवार दोपहर रामनगर थाना क्षेत्र के कुबरी गांव में निरीक्षण के दौरान ओवरलोड रेत से भरा हाइवा जब्त किया गया। वाहन के पास वैध ट्रांजिट पास (टीपी) नहीं था। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर एसडीएम एस.पी. मिश्रा और नायब तहसीलदार रोशन लाल रावत की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध खनन की कोई पुष्टि नहीं हुई। हाइवा को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा किया निरीक्षण के दौरान ही गांव से गुजर रहा वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडजी 1132 अधिकारियों की नजर में आया। जांच करने पर यह हाइवा ओवरलोड पाया गया और इसके चालक के पास वैध टीपी भी नहीं था। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाइवा को जब्त कर देर शाम रामनगर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। एसडीएम एस.पी. मिश्रा ने बताया कि वाहन मालिक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन पर लगातार नजर रखी जा रही है, और किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय यह है कि इससे पहले भी रामनगर क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की थी। गोरसरी पहाड़ इलाके में ई-टीपी से अधिक रेत ले जा रहे चार वाहनों को भी एसडीएम के नेतृत्व में जब्त किया गया था। प्रशासन की इन लगातार कार्रवाइयों से अवैध खनन और परिवहन में लिप्त लोगों पर अंकुश लग रहा है।


