Mamata vs Suvendu Education: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे जल्द ही आने वाले हैं। ऐसे में पूरे देश की नजरें बंगाल के चुनावी नतीजों और वहां के दिग्गज नेताओं पर टिकी हुई हैं। इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी की हो रही है। आइए समझते हैं कि राजनीतिक दांव पेंच के माहिर इन दोनों नेताओं में से कौन ज्यादा पढ़ा लिखा है।

Mamata Banerjee Education: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राजनीति में अपना दबदबा कायम करने के साथ ही पढ़ाई लिखाई के मामले में भी काफी आगे रही हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई कोलकाता से ही पूरी की है। इसके बाद उन्होंने कोलकाता के मशहूर जोगमाया देवी कॉलेज से इतिहास विषय में बैचलर ऑफ आर्ट्स (बीए) की डिग्री हासिल की। ममता बनर्जी ने कलकत्ता यूनिवर्सिटी से इस्लामिक इतिहास में पोस्ट ग्रेजुएशन (एमए) किया है। ममता बनर्जी की पढ़ाई का सफर यहीं नहीं रुका। उन्होंने श्री शिक्षायतन कॉलेज से बीएड की डिग्री और जोगेश चंद्र चौधरी लॉ कॉलेज से कानून (एलएलबी) की डिग्री भी हासिल की है।
Suvendu Adhikari Education: शुभेंदु अधिकारी
अब बात करते हैं बंगाल की राजनीति में बीजेपी के मजबूत चेहरे शुभेंदु अधिकारी की। एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले शुभेंदु अधिकारी भी उच्च शिक्षित हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद कांथी के पीके कॉलेज से अपनी स्नातक (बीए) की पढ़ाई पूरी की है। इसके साथ ही जानकारी के अनुसार उन्होंने मास्टर्स (एमए) की डिग्री भी हासिल की हुई है। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद से ही वह सामाजिक और राजनीतिक कार्यों में पूरी तरह से सक्रिय हो गए थे।
कौन है ज्यादा पढ़ा लिखा?
कुल मिलाकर देखा जाए तो पश्चिम बंगाल की राजनीति के ये दोनों ही दिग्गज नेता उच्च शिक्षित हैं और दोनों के पास पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री है। हालांकि डिग्रियों की संख्या और कानून की पढ़ाई के मामले में ममता बनर्जी का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि इन दोनों में से चुनावी नतीजों की इस परीक्षा में कौन बाजी मारता है।


