टोंक रोड/जयपुर। राजस्थान पत्रिका की ओर से रविवार को गायत्री नगर द्वितीय के राहुल शिक्षण संस्थान में स्पीक आउट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर सड़क, पेयजल, सीवर, सफाई और नशाखोरी जैसे गंभीर मुद्दों पर खुलकर अपनी बात कही। आमजन ने कहा कि लंबे समय से समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। कार्यक्रम में स्थानीय विकास समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
-कुछ समय पहले सांगानेर बस बुकिंग काउंटर क्षेत्र के और आसपास के अन्य पब्लिक टॉयलेट हटा दिए गए। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। यहां जल्द नए सार्वजनिक शौचालय बनाए जाएं।
-बाबूलाल अग्रवाल
-शिव कॉलोनी ए माह में पिछले तीन माह से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। कई बार शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही। गर्मी में हालात और बिगड़ रहे हैं, जल्द समाधान किया जाए।
-माया देवी
-पंचवटी ब्लॉक ई और आसपास के इलाकों में मच्छरों का भारी प्रकोप है। रातभर लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। नियमित फॉगिंग और सफाई व्यवस्था मजबूत की जाए।
-सुरेश सैन
-डिग्गी रोड से टोंक रोड तक सेक्टर रोड नहीं होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। क्षेत्रवासियों को रोजाना लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जल्द सड़क निर्माण कराया जाए।
-लालूराम यादव
-टोंक रोड से सांगानेर कोर्ट तक सीधी आवागमन सुविधा नहीं है। इससे आमजन और कर्मचारियों को रोज परेशानी उठानी पड़ती है। इस मार्ग पर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था शुरू की जाए।
-एडवोकेट दिनेश मीणा
-सांगानेर में गौशाला से थाने के बीच कॉलोनियों में पार्क नहीं है। साथ ही कॉलोनियों का नियमितीकरण लंबित है। टोंक रोड पर फुट ओवरब्रिज नहीं होने से हादसे होते हैं, जल्द निर्माण जरूरी है।
-महावीर सुरेंद्र जैन एडवोकेट
-मोती विहार क्षेत्र में लंबे समय से सीवर और सड़क की समस्या बनी हुई है। गंदगी और खराब रास्तों से लोगों को परेशानी हो रही है, जिम्मेदार विभाग जल्द समाधान करे।
-संतोष देवी
बॉक्स: नशाखोरी पर सख्ती की मांग
पूर्व पार्षद राजीव चौधरी ने क्षेत्र में खुलेआम नशा बिकने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नशे की पुड़ियों की खरीद फरोख्त हो रही है और पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। आठ बजे बाद भी शराब की दुकानें खुली रहती हैं। फूल कॉलोनी विकास समिति अध्यक्ष हरि नारायण यादव ने सांगानेर समेत 87 कॉलोनियों के नियमन की मांग रखी। अशोक सिंह राजावत ने जनसमस्याओं पर एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत बताई। पूर्व पार्षद मोतीलाल मीणा ने कहा कि कई कॉलोनियों में विकास कार्य प्रक्रियाधीन हैं और जल्द शुरू होंगे।
इन्होंने भी रखी बात: बीना गुसाई, अंकित, गायत्री नगर विकास समिति के सचिव लोकेन्द्र सिंह चौधरी समेत अन्य ने भी क्षेत्रीय समस्याओं को उठाया।


